‘हम बीजेपी के खिलाफ आपके साथ, लेकिन…’, पंचायत चुनाव हिंसा के बीच ममता बनर्जी की कांग्रेस को सख्त हिदायत


नई दिल्‍ली. बीते 10 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व वाली भाजपा सरकार केंद्र की सत्‍ता पर काबिज है. कांग्रेस पार्टी हाशिए पर नजर आती है. ऐसे में यह उम्‍मीद जताई जा रही है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सहित अन्‍य सभी विरोध एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे ताकि बीजेपी को सत्‍ता से दूर रखा जा सके. पश्चिम बंगाल में जारी पंचायत चुनावों के दौरान हो रही हिंसा पर मुख्‍यमंत्री ममता बेनर्जी ने कांग्रेस पार्टी को सख्‍त हिदायत दी है. बेनर्जी ने यह साफ कर दिया कि वो लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ मैदान में उतरेंगी लेकिन कांग्रेस पार्टी को केवल एक ही शर्त पर अपना समर्थन देंगी.

पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने सीपीआई(एम) के साथ गठबंधन किया है. कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने यह ऐलान किया था कि दोनों पार्टी साथ मिलकर पंचायत चुनाव लड़ रही हैं. इसपर ममता बेनर्जी ने कहा, “वे (कांग्रेस) केंद्र में हमारा सहयोग चाहते हैं और उनकी पार्टी हम पर हमला करती है. हम बीजेपी के खिलाफ उनका साथ देने को तैयार हैं लेकिन सीपीआई(एम) से हाथ मिलाने के बाद आप बंगाल में हमसे सहयोग मांगने मत आइये.”

‘CPI(M) के राज में भी होती थी हिंसा’
ममता बेनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले में एक जनसभा को संबोधित कर रही थी. इस दौरान उन्‍होंने कहा, “भंगोर हिंसा के लिए टीएमसी जिम्मेदार नहीं है, टीएमसी पीड़ित है. आज जो लोग बोल रहे हैं कि बंगाल में शांति नहीं है, मैं उनसे पूछती हूं कि सीपीआई(एम) के राज में कौन सी शांति थी.” बेनर्जी का कहना है कि कांग्रेस बीजेपी की गोद में जाकर बैठी हुई है और बीजेपी कांग्रेस की गोद में है. ”बंगाल में बीजेपी के साथ गठबंधन करने पर कांग्रेस को हमसे राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन की उम्मीद नहीं करनी चाहिए.”

‘मैं बदला नहीं बदलाव चाहती हूं’
बंगाल की मुख्‍यमंत्री ने कहा, ”मैंने हमेशा यह कहा है कि मैं बदलाव चाहती हूं, बदला नहीं चाहती. वो आज कह रहे हैं कि वो हमें रोकेंगे. अगर आप हमें डंडे से रोकना चाहते हैं तो मैं विरोध करने के लिए अपने झंडे का इस्तेमाल जरूर करूंगी. मैं जब तक रहूंगी तब तक कभी भेदभाव नहीं करूंगी. इस पंचायत चुनाव के दौरान मैं ऐलान करती हूं कि 2024 में हम नरेंद्र मोदी को उनकी कुर्सी से हटाएंगे.”

Tags: 2024 Lok Sabha Elections, Mamata banerjee, Rahul gandhi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More