
धर्मेंद्र शर्मा/ करौली. लांगरा थाना क्षेत्र के भूरे का पुरा गुरदह गांव में एक 20 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या करने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक का शव करौली हॉस्पिटल लेकर पहुंची है. जहां पोस्टमार्टम कराया गया है. हत्या की जानकारी मिलते ही एएसपी सुरेश जैफ, डीएसपी अनुज शुभम, करौली थानाधिकारी उदयभान करौली हॉस्पिटल पहुंचे और परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं.
घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है. मृतक के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. करौली एएसपी सुरेश जैफ ने बताया कि परिजनों ने एफआईआर दी है. एफआईआर में बताया कि मृतक आशाराम उर्फ आशु पुत्र बत्तीलाल उम्र 20 साल निवासी भूरे का पुरा दोपहर अपने ताऊ के घर बैठा था. इस दौरान कुछ युवक उसे बुलाकर मोटर साइकिल से ले गए और करीब 2 घंटे बाद मारपीट कर घर से दूर एक पत्थर पर पटक गए. मृतक के शरीर और सिर सहित कई स्थानों पर जलाने के निशान मिले हैं. साथ ही परिजनों ने प्लास से नाखून उखड़ने के भी आरोप लगाए हैं.
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को करौली हॉस्पिटल लेकर आई. हॉस्पिटल में डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया. जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है. एएसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. मृतक इकलौता भाई था और पांच बहने हैं. मृतक जयपुर में रहकर बीएससी फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था. करौली हॉस्पिटल में शांति व्यवस्था के लिए एहतियातन करौली कोतवाली और लांगरा थाना पुलिस तैनात है. परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
.
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 21:48 IST






