
रिपोर्ट- नीलकमल मेहरा
पलामू. झारखंड में एक पति ने हैवानियत की हदें पार कर दी. अपनी 6 माह की दूधमुंही बच्ची और पत्नी की निर्मम हत्या कर शव को 200 फीट गहरे नाले में दफना दिया था. मामला पलामू से जुड़ा है जहां के मनातू थाना पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा कर लिया है. पुलिस ने पत्नी और 6 माह की बच्ची की हत्या मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति विवेक यादव को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना 1 जून की है जब मनातू थाना क्षेत्र के गौरवा गांव में 6 माह की बच्ची और अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति ने 200 फीट गहरे नाले में शव को दफना दिया था. मनातू थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने घटना के बारे में बताया कि आरोपी पति ने अपने ससुराल में 1 जून को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बच्ची को लेकर भाग गई है. इधर मृतक उर्मिला के परिजनों ने मनातू थाने में पति समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
मनातू थाना क्षेत्र के मझौली पंचायत अंतर्गत भदई बथान निवासी विवेक यादव की शादी 14 मई 2021 को छतरपुर थाना अंतर्गत कुशियारा गांव भगवान यादव की बहन उर्मिला यादव के साथ हुई थी. इस दौरान तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन 1 जून 2023 को मायके वालों को सूचना दी गई कि अपनी बच्ची के साथ उर्मिला यादव कहीं भाग गई है. खोजबीन के बाद भाई भगवान यादव ने 4 जून को मनातू थाना में सात अन्य अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी और अपनी बहन की हत्या का आरोप लगाया.
एक दिन सच तो सामने आना ही था. मनातू थाना पुलिस की सूचना के अनुसार थाना प्रभारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में गौरवा के जंगल में बच्ची के कपड़े एवं हत्या की गई पत्नी के पायल और नर कंकाल बरामद किए गए. मनातू पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की. आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. आरोपी पति ने अपना सारा गुनाह कबूल किया है. सबसे दिलचस्प बात है कि आरोपी पति ने स्वीकार किया कि मुझे जो सजा मिले कबूल है लेकिन मैं हत्या कर सुकून महसूस कर रहा हूं.
.
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 23:10 IST






