
सुधीर/रतलाम : रतलाम में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दे दी. खास बात ये कि इस शख्स ने सुसाइड के पहले 4 वीडियो बनाकर अपने करीबियों को भेजे, जिसमें महिला मित्र के पति और जेठ द्वारा ब्लैकमेल कर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोप है कि 20 लाख रुपए देने के बाद भी दोनों भाई उसे पैसों के लिए लगातार परेशान कर रहे थे, जिससे तंग आकर पीडित ने जान दे दी.
वीडियो में खुद को बताया ब्लैकमेलिंग का शिकार
यह पूरा मामला रतलाम के ढोढर कस्बे का है. मृतक का नाम रवि परमार है जो ढोढर के उप सरपंच का पुत्र था. रवि ने सुसाइड के पहले वीडियो में कहा कि दोस्तों मेरी मौत आज फिक्स है. ब्लैकमलिंग में 20 लाख दिए और अब परेशान होकर मर रहा हूं. मेरे जीवन में एक औरत आई, मुझे मालूम नहीं था कि यह सब मिलकर मुझे बदनाम करने के नाम पर लूट रहे हैं.
अब मेरे पास रुपए नहीं है यह सब मुझे बलात्कार के केस में फंसाने व सब कुछ छीन लेने की धमकी दे रहे हैं, इसलिए जान देने जा रहा हूं. मेरे मरने के बाद इन्हें सजा होनी चाहिए. मृतक के 4 वीडियो में से दो में वह दाढ़ी रखे हुए दिख रहा है जबकि 2 में क्लीन शेव है.
गैंस एजेंसी चलाता था रवि
मृतक रवि परमार की ढोढर में एक गैस एजेंसी है, और इसी एजेंसी के गोदाम में रवि, फांसी के फंदे से लटका मिला है. खास बात यह कि सुसाइड के पहले रवि के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी और 18 दिन पहले उसने अपने दोनों बेटों का मुंडन संस्कार समारोह भी धूमधाम से करवाया था. वीडियो के सामने आने के बाद रतलाम एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने इस मामले में अवैध संबंधों और विधि अनुसार कार्रवाई की बात कही है. वहीं रिंगरोड थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
.
Tags: Local18, Mp news, Ratlam news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 22:03 IST






