Chhatisgarh Political News: टीएस सिंहदेव को प्रलोभन दे रही भाजपा! दिग्गज नेता बोले- कई पार्टियों से ऑफर, मगर नहीं छोड़ूंगा कांग्रेस

रायपुर. भूपेश बघेल सरकार में कैबिनेट मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता टीएस सिंहदेव एक बार फिर चर्चा में हैं. वे कांग्रेस में रहेंगे, भाजपा या कोई अन्य पार्टी ज्वाइन करेंगे, इसको लेकर सियासी गलियारों में हलचल है. बुधवार को सिंहदेव ने कहा भी कि उन्हें कई पार्टियां ऑफर दे रही हैं, लेकिन वे कांग्रेस छोड़कर नहीं जाएंगे. उन्होंने यह भी साफ किया कि भाजपा या किसी दूसरी पार्टी में नहीं जाएंगे. उनका बयान आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी पार्टी के वरिष्ठ नेता के पक्ष में बयान दिया.

छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं. इसके मद्देनजर सत्तारूढ़ कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के बीच बयानबाजी का दौर जारी है. चुनावी साल में पार्टी कार्यकर्ताओं या नेताओं का पलायन भी चर्चा में रहता ही है. इसी क्रम में बुधवार को कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने बड़ा बयान दिया. मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि कई पार्टी के लोगों ने मुझसे संपर्क किया था, लेकिन मैं कांग्रेस को छोड़कर नहीं जाऊंगा. ऑपरेशन लोटस पर उन्होंने साफ कहा कि भाजपा या किसी दूसरी पार्टी में नहीं जाऊंगा.

छग में नहीं चलेगा ऑपरेशन लोटस – मरकाम
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का बयान आने के बाद कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि टीएस सिंहदेव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, पार्टी के सच्चे सिपाही हैं, उन्हें दूसरी पार्टियों से चुनाव लड़ने के लिए ऑफर मिला था, मगर वे कांग्रेस को छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे. उन्होंने कहा कि टीएस सिंहदेव वरिष्ठ नेता हैं, उन्हें भाजपा प्रलोभन देने का प्रयास करती है. हमारे नेता कांग्रेस में ही रहेंगे. ऑपरेशन लोटस की बात पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश, कर्नाटक और गोवा में ऑपरेशन लोटस करने की कोशिश की, लेकिन वह कहीं काम नहीं आया तो अब छत्तीसगढ़ में भी यह फॉर्मूला काम नहीं करेगा.

चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
इससे पहले कांग्रेस के नेता रविंद्र चौबे के यहां पार्टी के अन्य नेताओं की बैठक हुई. प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री ताम्रध्वज साहू और मोहम्मद अकबर सभी रविंद्र चौबे के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे थे. इसके बाद चौबे के आवास पर ही वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई. बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बताया कि कांग्रेस ने सभी पांचों संभाग में सम्मेलन किया है. इसमें आने वाले चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार किया गया. किस तरह योजनाएं बनेंगी, उस पर चर्चा की गई. आने वाले समय में बूथ चलो अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसमें कांग्रेस के तमाम बड़े नेता बूथों की समीक्षा करेंगे. रविंद्र चौबे के स्वास्थ्य पर मोहन मरकाम बोले कि उनका स्वास्थ्य ठीक है और उनका मार्गदर्शन हमें मिल रहा है. अन्य बैठक को लेकर मरकाम ने कहा कि 22 जून को पार्टी की फिर बैठक होगी.

Tags: BJP Congress, CM Bhupesh Baghel, Health Minister TS Singhdeo

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More