
मनमोहन सेजू/बाड़मेर. कई बार समय पर रक्त नहीं मिलने पर लोगों की जान चली जाती है. पिछले कुछ सालों में रक्तदान को लेकर जागरूकता आई है. हर जगह ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाए जाते हैं. आज कहानी ऐसे ही एक ग्रुप की, जिसके सदस्य हर वक्त रक्तदान के लिए तैयार रहते हैं. खासतौर से ऐसे वक्त में जब परिजन मरीज की जान बचाने बदहवास इधर से उधर भागते हैं.
जिले में आम लोगों द्वारा संचालित ‘साथी रक्तदाता समूह’ एक ऐसा ग्रुप है, जो जरूरतमंदों को ब्लड मुहैया करवाता है. साथी रक्तदाता समूह द्वारा अब तक सैकड़ों मरीजों को आपातकाल में ब्लड मुहैया कराकर जीवन रक्षक का कार्य किया गया है. समूह द्वारा साल 2017 से अब तक 2400 से अधिक साथी रक्तदाताओं द्वारा ब्लड बैंक को रक्त डोनेट किया गया है. वहीं इस ग्रुप को हाल ही में मुस्लिम समाज में रक्तदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और 2400 से अधिक रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान कर मानवता का अनुकरणीय कार्य करने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जा चुका है.
साथी रक्तदाता समूह के संयोजक अबरार मोहम्मद के मुताबिक साल 2017-18 में नबी की आन, बान और शान जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब ढाई सौ साथी रक्तदाताओं ने रक्तदान कर इंसानियत की खिदमत का पैगाम दिया. समूह द्वारा प्रति वर्ष ईद मिलादुन्नबी के अवसर सहित विभिन्न अवसरों व ब्लड बैंक में रक्त की कमी के दौरान समय समय पर शिविर आयोजित कर रहे है.
फिजूलखर्ची भी रोक रहे
समूह द्वारा विशेष अवसरों यथा जन्मदिन, पुण्यतिथि, शादी की सालगिरह समारोह में फिजूलखर्ची रोकने और रक्तदान के प्रति लोगों को जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है. वहीं आपात स्थिति में जब कोई मरीज ब्लड की कमी से जूझ रहा होता है तो सोशियल मीडिया के जरिए समूह सहित विभिन्न रक्त समूहों में रक्त संबंधित पोस्ट वायरल कर रक्तदाता मुहैया कराया जाता है, ताकि आपातकालीन स्थिति में हर एक जरूरतमंद को राहत पहुंचाई जा सके.
.
Tags: Barmer news, Blood Donation, Local18, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 18:59 IST






