गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला धनबाद, ट्रासंपोर्टर को ऑफिस में घुसकर किया छलनी, दुकानदार भी जख्मी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


रिपोर्ट- संजय गुप्ता

धनबाद. झारखंड के कोयलांचल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. एक के बाद एक अपराधी लगातार अपराध की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. ताजा घटनाक्रम में दिनदहाड़े ट्रांसपोर्टर की हत्या कर दी गई. अपराधी इस घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गये.  मामला पाथरडीह थाना क्षेत्र के चासनाला साउथ कॉलोनी का है, जहां दिनदहाड़े बाइक पर सवार अपराधियों ने ट्रांसपोर्टर प्रवीण राय की गोली मारकर हत्या कर दी.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया. घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रवीण राय सुबह अपने चासनाला साउथ कॉलोनी स्थित कार्यालय वाहन से पहुंचे थे तभी घात लगाए लाल रंग की ग्लैमर बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने प्रवीण राय को घेर लिया. इस दौरान प्रवीण और अपराधियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और देखते ही देखते अपराधियों ने प्रवीण के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

प्रवीण राय किसी प्रकार जान बचाकर अपने ऑफिस की तरफ भागे लेकिन अपराधी उनके पीछे ताबड़तोड़ गोलियां चलाते रहे. गोलियों की तड़तड़ाहट सुन आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें बंद करने लगे, जिसमें गोली लगने से स्थानीय दुकानदार राज किशोर सिंह भी घायल हो गए. राज किशोर सिंह की गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने धनबाद रेफर कर दिया. अपराधी जाते-जाते जमकर हवाई फायरिंग करते गए जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया.

अपराधियों के चले जाने के बाद स्थनीय लोगों ने घायल अवस्था में प्रवीण राय को उठाकर चासनाला स्वस्थ केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि प्रवीण को पांच गोलियां लगी जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी. घटना के बाद आक्रोशित होकर लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग (चासनाला स्वस्थ केंद्र के समीप) पूरी तरह से जाम कर दिया. खबर की सूचना पाकर पाथरडीह , सुदामडीह, भौरा, झरिया समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझा बुझा कर जाम हटवाया.

इस मामले में सिंदरी एसडीपीओ अभिषेक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और एक देशी कट्टा व गोलियों के खोखे घटनास्थल से बरामद किए. इस घटना के बाद भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने पुलिस और सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि पुलिस का ख़ौफ़ अपराधियों पर नहीं है.
वहीं सिन्दरी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि घटना की जांच चल रही है. जो भी अपराधी हैं, उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा.

Tags: Dhanbad news, Jharkhand news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें