रोहित शर्मा पर फैसले के लिए सिर्फ 2 मैच, प्रदर्शन खराब रहा तो टेस्ट कप्तान बने रहना तय नहीं, पर दावेदार कौन?

नई दिल्ली. रोहित शर्मा की टेस्ट कप्तानी पर अगले महीने तक कोई खतरा नहीं है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 12 जुलाई से शुरू हो रही है. इसके बाद भारत को दिसंबर के आखिरी तक कोई टेस्ट नहीं खेलना है. ऐसे में रोहित शर्मा को वेस्टइंडीज दौरे पर क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. रोहित अगर 12 जुलाई से डोमीनिका में खुद टीम की कप्तानी से हटने का फैसला नहीं करते हैं, तो वह टीम की अगुआई करेंगे. दूसरा टेस्ट 20 से 24 अक्टूबर तक पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाना है.

रोहित शर्मा अगर दोनों टेस्ट अच्छा प्रदर्शन करने में फेल रहे, तो बीसीसीआई और सेलेक्शन कमेटी पर कड़ा फैसला लेने का दबाव रहेगा. बीसीसीआई एक वरिष्ठ सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, ये बात पूरी तरह से गलत है कि रोहित शर्मा को कप्तानी से हटा दिया जाएगा. हां, क्या वे 2 साल तक चलने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे सीजन को खेल सकेंगे, यह बड़ा सवाल है, क्योंकि 2025 तक वे 38 साल के हो जाएंगे.

नया अध्यक्ष भी मिल जाएगा
बीसीसीआई के सूत्र ने कहा कि शिव सुंदर दास की अगुआई वाली सेलेक्शन कमेटी 2 टेस्ट के बाद और उनकी बल्लेबाजी फॉर्म को देखते हुए फैसला कर सकती है. वेस्टइंडीज दौरे के बाद दिसंबर के अंत तक कोई टेस्ट नहीं है, जब टीम को दक्षिण अफ्रीका जाना है. इसलिए सेलेक्टर्स के पास निर्णय लेने के लिए पर्याप्त समय रहेगा. तब तक 5वां सेलेक्टर्स (नया अध्यक्ष) भी आ जाएगा. लेकिन उनके बाद किसे कप्तानी दी जाएगी, इस पर भी विचार करना होगा. आर अश्विन से लेकर रवींद्र जडेजा तक दावेदार हैं.

चेतेश्वर पुजारा संन्यास के करीब, 5 खिलाड़ी ले सकते हैं उनकी जगह, 2 तो सिर्फ ब्रैडमैन से हैं पीछे

उन्होंने कहा कि विराट कोहली के टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद केएल राहुल दक्षिण अफ्रीका में बतौर कप्तान किसी को प्रभावित नहीं कर सके. इसके बाद रोहित शर्मा को कप्तानी के लिए कहा गया. नागपुर के चुनौतीपूर्ण विकेट पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 120 रन के शतक को छोड़कर रोहित ने उस तरह की पारियां नहीं खेली हैं. रोहित के 2022 में टेस्ट कप्तानी संभालने के बाद से भारत ने 10 टेस्ट खेले, जिसमें से 3 में वह नहीं खेले. इस दौरान रोहित ने 7 टेस्ट में 390 रन बनाए. एक शतक जड़ा, इसके अलावा वे 50 रन तक भी नहीं पहुंच सके.

Tags: BCCI, Rohit sharma, Team india, West indies

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More