Bihar: नीतीश कुमार ने खोज लिया मांझी के बेटे का रिप्लेसमेंट, जानें किस दलित चेहरे को बनाएंगे मंत्री

पटना. मंगलवार की दिन बिहार की सियासत के लिये काफी गर्म रहा. जीतन राम मांझी की पार्टी से नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल एक मात्र मंत्री और जीतन राम मांझी के ही बेटे संतोष सुमन ने दोपहर में मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. उनके इस्तीफा देते ही बिहार की सियासत गर्म हो गई. मांझी की पार्टी का महागठबंधन से अलग होते ही नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा तेज हो गई है और खबर है कि जैसे ही राज्यपाल पटना लौटते हैं, वैसे ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा.

मांझी के बेटे की जगह मंत्रिमण्डल में शामिल कौन होगा, इस पर से भी देर शाम पर्दा उठ गया जब सोनवर्षा से जदयू विधायक दलित समुदाय से आने वाले रत्नेश सदा को मुख्यमंत्री ने पटना बुला लिया. पटना पहुंचते ही रत्नेश सदा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद फोन कर बुलाया है और उम्मीद है मंत्रिमंडल विस्तार होगा तो जगह मिलेगी. अगर मुझे मौका मिला तो गरीब गुरबों की सेवा करूंगा लेकिन इसके साथ ही रत्नेश सदा ने जीतन राम मांझी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि मांझी ने मुसहर समाज को धोखा दिया है और दलित समाज उन्हें कभी माफ नहीं करेगा.

खबर है कि ST-SC कल्याण विभाग का प्रभार रत्नेश सदा को दिया जा सकता है. रत्नेश सदा जदयू से सोनवर्षा (सहरसा) से विधायक हैं और ये भी मांझी समाज से आते हैं. मंगलवार की ही देर शाम मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक के बाद जब नेता बाहर निकले तो उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और ललन सिंह ने जीतन राम मांझी पर हमला बोला. ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से इस्तीफ़ा दिया है. उन्होंने सीएम को लिखा है कि निजी कारणों से मैं आपके साथ चलने में असमर्थ हूं, इसका मतलब है कि अब उन्होंने महागठबंधन छोड़ दिया.

आपके शहर से (पटना)

ललन सिंह ने कहा कि हमलोगों ने कहा था कि छोटी-छोटी दुकान चलाने से क्या फ़ायदा है. आप पार्टी को मर्ज कर लीजिये. विपक्षी एकता की बैठक को क्या झटका लगेगा इसपर ललन सिंह ने कहा कि 17 पार्टियां आ रही हैं, इसमें झटका कहां है. सब मिलकर भाजपा को हराएंगे. तेजस्वी यादव ने कहा कि मांझी जी को नीतीश जी ने हमेशा आगे बढ़ाया, उन्हें मुख्यमंत्री तक बनाया, ये नहीं कह सकते कि सम्मान नहीं दिया गया. साथ नहीं चलने का मतलब साफ है कि वो अब महागठबंधन का हिस्सा नहीं रहना चाहते हैं.

Tags: Bihar News, Bihar politics, Former CM Jitan Ram Manjhi, PATNA NEWS

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More