जब भी लोग किसी दूसरे शहर, राज्य या देश जाने की प्लानिंग करते हैं, तो रुकने के लिए होटलों पर अच्छे से रिसर्च करते हैं. होटल अच्छे मिल जाएं तो ट्रिप का आनंद बढ़ जाता है. यही कारण है कि लोग अक्सर खास होटल्स की तलाश में रहते हैं. आपने ऊंची इमारतों वाले होटल देखे होंगे, तीन कमरों के घर जैसे होटल देखे होंगे. महल जैसे होटलों में ठहरे होंगे और कैंप में बने होटलों का भी आनंद उठाया होगा. पर दुनिया में एक ऐसा भी होटल है जमीन से 1300 फीट (Underground hotel) नीचे है. इस कारण ये बेहद अनोखा भी है. इसे दुनिया का सबसे गहरा होटल (World’s Deepest Hotel) माना जाता है.
ऑडिटी सेंट्रल न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार ‘दुनिया का सबसे गहरा होटल’ वेल्स के स्नोडोनिया पहाड़ों (Snowdonia, Wales) के बीच बनी एक गहरी गुफा में मौजूद है. इस होटल का नाम है ‘डीप स्लीप’ (Deep Sleep Hotel). इसका नाम, इसकी खासियत से मिलता जुलता है. होटल में रुकने वाले लोग, एक-दो नहीं, पूरे 419 मीटर (1,375 फीट) नीचे गुफा में बने कमरों में रहते हैं. सोचिए कि इतनी नीचे रहने पर किसी को नींद भी कैसे आती होगी! पर होटल का इंटीरियर इतना लाजवाब है कि अगर किसी को नींद ना भी आए, तो भी वो इसे देखते-देखते रात गुजार सकता है.
पहाड़ के ऊपर से इस होटल तक पहुंचने में ही 1 घंटे का वक्त लग जाता है. (फोटो: Youtube/The Amazing Adventures of Miles)
होटल तक कैसे जाते हैं?
ये होटल सालों से खाली पड़ी माइन (Cwmorthin slate mine) में बनाया गया है. इसमें 4 प्राइवेट डबल-बेड कैबिन बने हैं. डाइनिंग एरिया है और बाथरूम की सुविधा है. इस होटल को इसी साल अप्रैल में गो बिलो कंपनी ने लॉन्च किया था और ये हफ्ते में सिर्फ एक रात के लिए ही खुलता है. यहां लोग शनीवार शाम को आते हैं और रविवार को चले जाते हैं. होटल में पहुंचने के लिए सबसे पहले लोगों को ‘Blaenau Ffestiniog’ नाम के कस्बे में गो बिलो के बेस पहुंचना पड़ता है. वहां से प्रशिक्षित ट्रैवल गाइड्स उन्हें होटल के कमरों तक ले जाते हैं. ग्राहकों को पहले 45 मिनट तक पहाड़ों पर ट्रेकिंग कर के जाना पड़ता है. उसके बाद वो एक छोटे से कॉटेज में पहुंचते हैं जहां उन्हें माइन में जाने के अनुसार कपड़े पहनाए जाते हैं. फिर उन्हें पुरानी सीढ़ियां, टूटे-फूटे पुल आदि को पार कर नीचे जाना पड़ता है. इसलिए होटल तक जाने में 1 घंटे का वक्त लग जाता है.
नीचे पहुंचकर क्या होता हैय़
नीचे पहुंचकर मेहमानों को गुनगुना पानी पिलाया जाता है. उनके लिए खास खाना भी तैयार रहता है और तब वो सोने जाते हैं. होटल का तापमान पूरे साल 10 डिग्री सेल्सियस पर सेट रहता है, पर कमरों को इतना आरदायक बनाया गया है कि लोगों को ना ही यहां ठंड लगती है और ना ही गर्मी. यहां पानी, बिजली की तो सुविधा है ही, साथ ही वाईफाई की भी सुविधा है. जमीन पर लगे 4जी एंटिना तक एक किलोमीटर लंबा केबल जाता है जिसके सहारे इंटरनेट की सुविधा मिल पाती है.
कितनी है कीमत?
चलिए अब बात करते हैं कीमत की. आपको बता दें कि इस होटल की एक रात रुकने की कीमत, एक आम आदमी की महीने की सैलेरी जितनी होगी. यहां एक रात रुकने के लिए 688 डॉलर यानी करीब 57 हजार रुपये देने पड़ते हैं. इससे पहले सबसे गहरे होटल का खिताब स्वीडन के साला सिल्वर माइन में बने होटल को मिला था जो 508 फीट गहरा था.
.
Tags: Ajab Gajab news, Trending news, Weird news
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 16:48 IST






