
नितिन कुमार/मथुरा: उत्तर प्रदेश में मथुरा जिला के थाना गोविंदनगर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने 20 किलो चांदी की लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब चांदी व्यापारी का नौकर चांदी को थैले में डालकर दुकान पर ला रहा था. बदमाशों ने पहले नौकर की आंखों में मिर्च डाली और फिर उसकी स्कूटी को धक्का देकर चांदी से भरा थैला लूटकर फरार हो गए. बदमाशों के फरार होने के साथ ही क्षेत्र में भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस लोगों से जानकारी जुटाने में लग गई.
जानकारी के मुताबिक, लूट की पूरी वारदात मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र की द्वारकेश पूरी कॉलोनी की है. जहां के निवासी प्रभुदयाल गुप्ता एडवोकेट का नौकर मोतीलाल ढोल से चांदी की पायल सफाई कराकर दुकान पर ला रहा था. मोतीलाल दुकान से करीब 300 मीटर दूर पहुंचा था कि तभी बदमाशों ने उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दे डाला.
सीसीटीवी में कैद पूरी वारदात
चांदी लूट की वारदात पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. फुटेज देखने से पता चला कि बाइक पर दो बदमाश आए, जिसमें से एक ने हेलमेट लगा रखा था. मोतीलाल स्कूटी से जैसे ही उनके सामने आया, बदमाशों ने स्कूटी रुकवा कर थैला लूटकर भागने लगे. मोतीलाल ने स्कूटी छोड़कर तत्काल बदमाशों का पीछा किया और एक बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन बाइक चला रहे बदमाशों ने मिर्च पाउडर डाल दिया और मौके से फरार हो गए.
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की जानकारी मोतीलाल ने प्रभु दयाल गुप्ता को दी. दुकान स्वामी प्रभु दयाल गुप्ता ने चांदी लूट की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. एसएसपी शैलेश पांडे, सीओ सिटी, थाना गोविंद नगर, कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मोतीलाल से वारदात की जानकारी ली. इसके बाद एसएसपी ने बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम लगा दी. एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाएगा.
.
Tags: Local18, Mathura news, Mathura police, Up crime news
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 17:22 IST






