
नई दिल्ली. दिल्ली-NCR में आज भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के मुताबिक 12 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी. दिल्ली में 11 जून को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम रहा. दिल्ली में हल्की बौछारें भी पड़ीं और पिछले 24 घंटे में 0.5 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई. आईएमडी के मुताबिक देश में मानसून (Monsoon) कई राज्यों में आगे बढ़ा है. उसके लिए अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं.
आईएमडी के मुताबिक पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर अत्यधिक गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) 7 किमी. प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर की बढ़ रहा है. इसके 15 जून की दोपहर तक मांडवी (गुजरात) और कराची (पाकिस्तान) के बीच सौराष्ट्र और कच्छ और पाकिस्तान के आसपास के तटों को पार करने की संभावना है. उस दौरान तूफान की रफ्तार 125-135 किमी. प्रति घंटा से लेकर 150 किमी प्रति घंटा हो सकती है.
आईएमडी के मुताबिक आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश (Rain) होने की संभावना है. जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर गरज और आंधी के साथ ओले (Hailstorm) गिरने की उम्मीद है. उत्तराखंड में आंधी की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटा होने की संभावना है. आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में लू (Heat Wave) चलने की संभावना जताई है.
.
Tags: Delhi Weather Update, Heatwave, Heavy rains, Weather updates
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 06:14 IST






