
नई दिल्ली. रोहित शर्मा की कप्तानी में भी टीम इंडिया अब तक आईसीसी टूर्नामेंट में कोई कमाल नहीं कर सकी. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे सीजन के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को 209 रन से करारी शिकस्त दी. अंतिम दिन 444 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 234 रन बनाकर सिमट गई. दूसरी पारी में ऑफ स्पिनर नाथन लायन ने 4 विकेट लिए. मैच की बात करें, तो ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 तो दूसरी पारी में 270 रन बनाए. भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 296 रन ही बना सकी थी. इसी के साथ कंगारू टीम ने इतिहास रचते हुए आईसीसी के सभी टूर्नामेंट जीत लिए हैं.
रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान आईपीएल में अपना लोहा मनवाया. उन्होंने मुंबई इंडियंस को 5 बार टी20 लीग का खिताब दिलाया है. लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट में भी वे कोई कमाल नहीं कर सके. पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप की बात करें, तो भारतीय टीम सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी थी. इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में भारत को 10 विकेट से मात दी थी. अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी रोहित की कप्तानी में टीम को हार मिली. वहीं एमएस धोनी ने बतौर कप्तान 3 आईसीसी के खिताब जीते.
4 में से 3 फाइनल जीते
पूर्व दिग्गज एमएस धोनी ने टीम इंडिया को 4 बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचाया. इसमें से 3 टाइटल भारतीय टीम जीतने में सफल रही. पहले धोनी ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया. फिर टीम 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने में सफल रही. भारत को तब 28 साल बाद वनडे का टाइटल मिला था. इसके बाद धोनी की कप्तानी में टीम ने 2013 में इंग्लैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था. हालांकि 2014 में धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में श्रीलंका से हार गई थी.
अन्य भारतीय कप्तान की बात करें, तो वे 7 बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में उतरे हैं और एक ही खिताब जीत सके हैं. कपिल देव की कप्तानी में भारत ने 1983 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. यह टीम का आईसीसी टूर्नामेंट का पहला खिताब था. टीम ने 2000 और 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब गंवाया. 2002 के रिजल्ट को इसमें शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि तब फाइनल बारिश के कारण नहीं खेला जा सका था. भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से चैंपियन बने थे.
टीम इंडिया ही है असली चोकर, 10 साल और 9 ICC टूर्नामेंट, 4 फाइनल और 4 सेमीफाइनल गंवाए
2003 में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में मात दी. तब सौरव गांगुली कप्तान थे. फिर 2017 का चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी टीम नहीं जीत सकी. विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम को पाकिस्तान ने मात दी. इसके बाद 2021 और 2023 का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी टीम के लिए दर्द लेकर आया.
.
Tags: Ms dhoni, Rohit sharma, Team india, WTC Final
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 17:54 IST






