अगर आप इंटर पास कर बेरोजगार हैं तो यहां करें अप्लाई, सरकार देगी हर माह इतने हजार रुपये


 मो. सरफराज आलम/ सहरसा. अगर आप 20 से 25 वर्ष के पढ़े-लिखे बेरोजगार हैं और नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो सरकार आपको बेरोजगारी भत्ता दे रही है. ताकि बेरोजगारी की स्थिति में आप अपनी पढ़ाई या नौकरी की तालाश में प्रयास कर सकें. यह योजना 12वीं पास कर चुके छात्र-छात्राओं के लिए है. इस योजना के तहत दो साल तक सरकार हर माह एक-एक हजार रुपए देती है. तो अगर आप भी इंटर पास बेरोजगार हैं और आर्थिक स्थिति को लेकर परेशान हैं, तो जल्द ही इस योजना के लिए डीआरसीसी में अप्लाई कर दें.

मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना

बिहार सरकार की ओर से छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना चलाई जा रही है. इस योजना के तहत 12वीं पास छात्र-छात्राओं को 2 साल के लिए हर महीने एक-एक हजार की सहायता राशि दी जाती है. इस योजना का लाभ उठाकर अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को जारी रख सकते हैं. हालांकि जागरूकता के अभाव में सहरसा जिले से काफी कम आवेदन आ रहे हैं. इससे विभाग भी चिंतित है.

सहरसा में कम आ रहे आवेदन

डीआरसीसी के सहायक प्रबंधक अरविंद कुमार तिवारी ने बताया कि 20 से 25 वर्ष के बेरोजगार इस योजना का लाभ ले सकते हैं. सरकार उन्हें स्वयं सहायता भत्ता के रूप में दो साल तक हर माह 1000 रुपए देती है. इसके लिए अभ्यर्थी को डीआरसीसी से केवाईपी कराना होता है. अगर केवाईपी नहीं करवाते हैं, तो उन्हें 19 महीने तक ही लाभ दिया जाएगा. हालांकि इस योजना के लिए काफी कम आवेदन आ रहे हैं. लेकिन अब डीएम के निर्देश पर सभी पंचायतों में कैंप लगाया जा रहा है.

इन दस्तावेजों का होना जरूरी

इस योजना का लाभ लेने के लिए मैट्रिक-इंटर का अंक प्रमाण पत्र, आधार, बैंक पासबुक और इंटर का सीएलसी आपको डीआरसीसी में जमा करना होता है. दस्तावेज जमा होने के बाद आपको अगले महीने से ही रुपए मिलने लगता है.

Tags: Bihar News, Hindi news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More