
सुनील जिंदल/गोहाना: “दिल्ली पुलिस का DSP बोल रहा हूं, आपके खिलाफ मामला दर्ज है… और खाते से उड़ा लिए 88 हजार रुपए”. यह मामला जानकार हर कोई हैरान रह गया. गोहाना में इसी तरह एक दुकानदार के साथ ऑनलाइन ठगी की गई. आपने ऑनलाइन फ्रॉड के कई मामले सुने होंगे, लेकिन अब ठगी करने वालों ने यह नया तरीका अपना लिया है. जालसाज नकली पुलिस ऑफिसर बनकर फ्रॉड करने लगे हैं.
जानकारी के अनुसार, गोहाना में कपड़े के दुकानदार नरेश कुमार को मोबाइल पर फोन आता है, जिसमें सामने वाला व्यक्ति कहता है… “मैं दिल्ली पुलिस का डीएसपी बोल रहा हूं. आपके खिलाफ यहां पर मामला दर्ज है, दिल्ली थाने में आना होगा”. पहले तो दुकानदार ने उसकी बातों को टाल दिया, लेकिन फ्रॉड करने वाला भी नहीं माना और बार-बार फोन करता रहा.
लिंक खोलते ही कट गए पैसे
इसके बाद उसने अपना नकली पहचान पत्र के साथ पुलिस की वर्दी में फोटो भेजा और दुकानदार को एक लिंक भी भेजा. जैसे ही दुकानदार ने वह लिंक खोला, तो उसके खाते से 88 हजार रुपए कट गए. फ्रॉड का यह नया तरीका देख दुकानदार के होश उड़ गए. आनन फानन में वह पुलिस के पास पहुंचा.
नहीं किया गया मामला दर्ज
वहीं, पीड़ित का आरोप है कि जब वह ठगी की शिकायत देने के लिए पुलिस थाने पहुंचा, तो वहां मामला दर्ज करने से मना ही नहीं किया गया, बल्कि नंबर भी डिलीट करने को कहा गया. लेकिन उसने हार नहीं मानी. उसने साइबर क्राइम में अपनी शिकायत दर्ज करवाई और उसके एक हफ्ते बाद पुलिस थाने में उसकी शिकायत दर्ज हुई. उधर, पुलिस इस मामले को शिकायत मिलने के बाद जांच करने की बात कह रही है.
.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 15:52 IST








