
हाइलाइट्स
शुभमन गिल के विकेट पर भड़के फैंस.
भारत के सामने 444 रन का है लक्ष्य.
नई दिल्ली. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final 2023) टीम इंडिया के लिए माउंट एवरेस्ट चढ़ने की तरह हो चुका है. वहीं, चौथे दिन अंपायर्स ने मानों पहाड़ चढ़ती रोहित ब्रिगेड के ऊपर पत्थर फेंक दिया हो. पहली पारी में भारतीय टीम 173 रन पीछे रह गई, जिसके चलते कंगारू टीम मजबूत स्थिति में रही. वहीं, जब दूसरी पारी शुरू हुई तो कंगारू टीम ने 270 रन और ठोक दिए. जिसके बाद टीम इंडिया को आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म करने के लिए 444 रन का पहाड़ चढ़ना होगा. लक्ष्य मिलने के बाद सभी की नजरें शतकवीर शुभमन गिल (Shubman Gill) पर टिकी थीं. लेकिन युवा बैटर के साथ कुछ ऐसा हुआ कि सोशल मीडिया पर खलबली मच चुकी है.
दरअसल, स्कॉट बोलेंड की एक शानदार डिलीवरी पर शुभमन गिल ने अपना नियंत्रण खो दिया. जिसके बाद बल्ले से लगकर गेंद स्लिप पर खड़े कैमरन ग्रीन के पास गई. जिसके बाद ग्रीन ने कैच लपकने के लिए शानदार डाइव लगाई और गेंद को लपक लिया. लेकिन जब मामला तीसरे अंपायर के पास पहुंचा तो उंगलियों के बीच से बॉल जमीन में गिरती नजर आई. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है. साथ ही अंपायर्स और ऑस्ट्रेलिया की आलोचना भी की जा रही है. इसी कड़ी में कमेंट्री कर रहे पूर्व इंडियन कोच रवि शास्त्री का पारा भी हाई हो गया. उन्होंने गिल के विकेट पर अंपायर्स को बड़ा ताना दे दिया है.
रवि शास्त्री ने अंपायर्स को सुनाई खरी-खरी
रवि शास्त्री ने कमेंट्री के दौरान कहा, ‘यदि शुभमन गिल के स्थान पर स्टीव स्मिथ होते तो अंपायर्स की तरफ से यह नॉट आउट होता.’ शुभमन गिल के विकेट को लेकर सोशल मीडिया पर तबाही मच चुकी है. अंपायर रिचर्ड सहित कंगारू टीम को भी जमकर ट्रोल किया जा रहा है. इतना ही नहीं, मैदान पर मौजूद फैंस चीटर-चीटर के नारे लगा रहे हैं.
IND vs AUS, WTC Final, Day 4: कोहली-रहाणे के हवाले हुई टीम इंडिया, जीत के लिए करनी है अभी कड़ी मशक्कत
विराट-रहाणे पर टिकी उम्मीद
100 के भीतर 3 विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया की उम्मीदें अब विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे पर टिकी हुई हैं. दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है. एक तरफ कोहली पिछली पारी की कसर निकाल रहे हैं. वहीं, रहाणे भी इस पारी में अपने शतक का कर्जा चुकाने की उम्मीद से बल्लेबाजी कर रहे होंगे.
.
Tags: India vs Australia, Ravi shastri, Shubman gill, WTC Final
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 23:04 IST








