सुप्रिया सुले को मिलीं शक्तियां अजित पवार को संदेश… NCP सुप्रीमो शरद पवार ने बहुत पहले लिख दी थी फेरबदल की स्क्रिप्ट!

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सुप्रीमो शरद पवार ने अपनी बेटी सुप्रिया सुले और वरिष्ठ सांसद प्रफुल्ल पटेल को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की. एनसीपी में शनिवार को हुए बड़े फेरबदल के इस ऐलान में अजित पवार को कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई.

एनसीपी के भीतर और लोगों की नजर में भी अजीत पवार को ही अक्सर शरद पवार के बाद पार्टी में दूसरे नंबर का नेता माना जाता था. ऐसे में पवार के इस ऐलान को पार्टी के भीतर का एक वर्ग अजीत पवार के कद को कम करने की कोशिश के रूप में देख रहा है.

उत्तराधिकार की लड़ाई में बेटे-बेटियां मार ले जाते हैं बाज़ी
हालांकि सियासी जानकारों के मुताबिक, शनिवार को हुआ यह ऐसा फैसला था जिसकी स्क्रिप्ट काफी पहले ही लिखी जा चुकी थी और बस ऐलान का इंतजार था. वैसे भी महाराष्ट्र के राजनीतिक दलों में जब भी उत्तराधिकारी चुनने की बात आती है तो भतीजे-भतीजियों पर बेटा और बेटी ही बाज़ी मार ले जाती हैं.

ये भी पढ़ें- क्या अजित पवार हैं नाराज, क्यों नहीं दी NCP में कोई नई जिम्मेदारी? शरद पवार ने बताई वजह

चाहें फिर शिवसेना में बाल ठाकरे के उत्तराधिकारी के रूप में उद्धव और राज ठाकरे के बीच की लड़ाई हो या फिर वरिष्ठ बीजेपी सांसद गोपीनाथ मुंडे की पारंपरिक सीट पारली पर बेटी पंकजा मुंडे और भतीजे धनंजय मुंडे की लड़ाई. दोनों ही मामलों में जीत खून की हुई थी.

शरद पवार के फैसले से अजित पवार नाराज़?
ऐसे में एनसीपी सुप्रीमो के इस फैसले के बाद अजित पवार की नाराजगी की अटकलें लगाई जा रही थी. वहीं घोषणा के वक्त मंच पर ही मौजूद अजित पवार मीडिया से बातचीत किए बिना ही पार्टी कार्यालय से चले गए. हालांकि शरद पवार के फैसले का बचाव करते हुए जयंत पाटिल ने कहा, ‘अजीत पवार को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. वह राज्य विधान सभा में विपक्ष के नेता हैं. उनके ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है.’

पिछले दिनों अजित पवार और बीजेपी के बीच एक बार फिर से नजदीकियां बढ़ने की भी खबरें खूब सुर्खिों में थीं. बताया जा रहा था कि अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ एनसीपी को तोड़कर बीजेपी से हाथ मिला सकते हैं. हालांकि बीजेपी नेता इन अटकलों को पूरी तरह खारिज करते हैं.

बीजेपी नेता बोले- एनसीपी के घटनाक्रम पर नजर
एनसीपी के इस हालिया घटनाक्रम पर बीजेपी नेता प्रवीण दारेकर कहते हैं, ‘अजीत पवार की संगठन का नेतृत्व करने की क्षमता सभी को पता है. ऐसे में उनके समर्थकों का नाराज़ होना स्वाभाविक है. हो सकता है कि उन्होंने उन्हें पार्टी का नेतृत्व करते देखने की उम्मीद की हो.’

इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘जहां तक बीजेपी का सवाल है, हम सिर्फ घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं. हमारे पास किसी भी पार्टी के आंतरिक निर्णय पर सवाल उठाने या हमारे साथ शामिल होने के लिए किसी को कोई प्रस्ताव देने का कोई कारण नहीं है.’

ये भी पढ़ें- क्या शरद पवार के फैसले से खुश हैं भतीजे अजित? NCP का जिम्मा सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल को मिलने पर क्या बोले

हालांकि अजित पवार के करीबी माने जाने वाले एनसीपी महासचिव सुनील तटकरे नाराजगी की बात को सिरे से खारिज करते हैं. वह कहते हैं, ‘हम फैसले का स्वागत करते हैं. सुप्रिया सुले ने बतौर सांसद अपनी क्षमता साबित की है. वहीं, प्रफुल्ल पटेल हमारे वरिष्ठ नेता हैं, जिन्हें राष्ट्रीय राजनीति का व्यापक अनुभव है.’ तटकरे ने इसके साथ ही कहा, ‘दुखी होने का सवाल ही कहां है? अजीत पवार मौजूद थे. उन्होंने फैसले का स्वागत किया. पवार परिवार में सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं.’

…तो सुप्रिया सुले को रिपोर्ट करेंगे अजित पवार
पिछले महीने जब शरद पवार ने पार्टी प्रमुख के पद से इस्तीफा देने के अपने फैसले की घोषणा की थी तो पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मराठा क्षत्रप से अपने फैसले पर पुनर्विचार की गुहार लगाई थी. उस समय अजित पवार ने उन नेताओं को फटकार लगाते हुए कहा था, ‘अगर पवार साहब किसी को नियुक्त करना चाहते हैं और उसे तैयार करना चाहते हैं तो हमें आपत्ति क्यों होनी चाहिए?’

हालांकि शरद पवार ने अपनी बेटी सुप्रिया सुले को कार्यकारी अध्यक्ष नामित करने के साथ ही महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब में पार्टी मामलों के अलावा महिलाओं, युवाओं, छात्रों और लोकसभा से जुड़े मुद्दों का प्रभारी बनाया है. ऐसे में अब अजित पवार को पार्टी के मामलों पर सुले को रिपोर्ट करना होगा. माना जा रहा है कि यह एक ऐसा कदम है, जिससे अजित को पार्टी में असहज महसूस करना पड़ सकता है.

Tags: Ajit Pawar, Supriya sule

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें