
बद्दी. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में गैस प्लांट के पास सड़क पर स्कूटी स्वार शख्स की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. आरोप है कि दो पुलिस कर्मियों ने स्कूटर रोक शख्स को थप्पड़ जड़े, जिसके बाद शख्स मौके पर बेहोश हो गया. बाद में जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो उसकी मौत हो गई. पुलिस की कारगुजारी सवालों के घेरे में आने के बाद एसपी बद्दी ने आरोपी एएसआई और कॉस्टेंबल को सस्पेंड कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रूप सिंह निवासी जसवा कोटला के रूप में हुई है. साथी विपन कुमार के अनुसार, वह और रूप सिंह स्कूटी रिपेयर करवाने के लिए एक साथ जा रहे थे. गैस प्लांट के पास उतराई में रूप सिंह स्कूटी पर बैठ कर जाने लगा तो पीछे से आ रही पीसीआर ने रूप सिंह को रोका और हेलमेट के बारे में पूछा. पुलिस कांस्टेबल ने रूप सिंह से मारपीट की और इससे वह नीचे गिर गया. उन्होंने पुलिस से अस्पताल ले जाने के लिए मदद मांगी, लेकिन वह वहाँ से चले गए. एम्बुलेंस बुलाकर रूप सिंह को बद्दी अस्पताल के जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बद्दी के एसएसपी मोहित चावला को जब मामले की जानकारी मिली तो वह मृतक के परिवार से मिलने नालागढ़ अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी. फिलहाल, एसपी बद्दी ने दोनों आरोपी पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है. घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सामने आया है. सीसीटीवी में साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि रूप सिंह अकेला स्कूटी चला रहा है और पीसीआर उसके पीछे है. मृतक का साथी विपिन काफ़ी पीछे पैदल और उसके बाद दौड़ता हुआ नज़र आ रहा है. फिलहाल, दोनों पुलिस वालों पर मामला दर्ज किया गया है.









