
अंजली शर्मा/कन्नौज. संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों व उनके तीमारदारों को पर्चा बनवाने व जांच करवाने के लिए अब घंटों लंबी-लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा. जल्द ही मरीजों को इससे छुटकारा मिलने वाला है. जिला अस्पताल में स्कैन एंड शेयर मॉड्यूल की सुविधा शुरू होने जा रही है. इस सुविधा से मरीज घर बैठे ही अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकता है और अपना नंबर प्राप्त कर सकता है.
यह नई व्यवस्था मरीजों के लिए वरदान साबित होगी. इसके लिए मरीज और तीमारदार को मोबाइल में आभा ऐप डाउनलोड करना होगा. इसमें तत्काल उनका रजिस्ट्रेशन होगा. इसके बाद मरीज क्यूआर कोड को स्कैन कर डिजिटल पर्चा बनाकर ओपीडी में जाकर सीधे संबंधित डॉक्टर को दिखा सकेगा. ई पर्चा बनने पर मरीज को टोकन नंबर भी मिलेगा.
घर बैठे ABHA ऐप से करें रजिस्ट्रेशन
आभा ऐप पर मरीज को पर्चा बनवाने के लिए ऐप को डाउनलोड करना होगा. इसके बाद मोबाइल नंबर या आधार कार्ड नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. अस्पताल में जगह-जगह आभा क्यूआर कोड लगा रहेगा. जिसको ऐप के माध्यम से स्कैन करते ही एक टोकन नंबर मिलेगा. इसके बाद मरीज को डिजिटल पर्चा बनवाने को टोकन नंबर बताना पड़ेगा कर्मचारी मरीज की बीमारी पूछ कर संबंधित डॉक्टर के पास सारी डिटेल भेज देगा. इसके बाद मरीज सीधे डॉक्टर के पास जाकर अपना इलाज करवा सकेगा. साथ ही डॉक्टर के कंप्यूटर पर संबंधित मरीज की शादी हुई रहेगी.
अस्पतालों में अब नहीं लगानी पड़ेगी लाइन
वर्तमान में जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने तक काफी संघर्ष करना पड़ता है. दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीज सुबह से ही पर्चा बनवाने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े हो जाते हैं. ऐसे में उनको अपनी बारी का घंटों इंतजार करना पड़ता है.
अस्पताल की सेवाओं को डिजिटल करने पर जोर
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बताया पिछले कई महीनों से अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है. प्रतिदिन 500 से 600 मरीज ओपीडी में आते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए ई पर्चा की व्यवस्था की गई है. उन्होंने बताया कि 15 दिनों में ही स्कैन एंड शेयर मॉडल की सुविधा शुरू हो जाएगी.
.
Tags: Kannauj news, Latest hindi news, UP news
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 16:57 IST








