
वॉशिंगटन: लगता है डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) का दूसरी बार व्हाइट हाउस में रहने का सपना अधूरा ही रह जाएगा. उन पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है. ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि उन्हें ऑफिस छोड़ने के बाद गोपनीय दस्तावेजों (Classified Documents) को रखने के मामले में आरोपी बनाया गया है. यह आरोप ट्रंप के लिए अब तक का सबसे बड़ा कानूनी संकट खड़ा कर सकता है. इसके तीन महीने पहले ही उन पर न्यूयॉर्क में गलत व्यापारिक रिकॉर्ड के 34 मामलों में आरोप लगाया गया था. सूत्रों के मुताबिक गोपनीय दस्तावेजों की जांच के सिलसिले में डोनाल्ड ट्रंप पर 7 आरोप लगाए गए हैं.
आखिर आरोप क्या हैं, क्यों ट्रंप का मामला दूसरे राजनेताओं से अलग है, समझते हैं…
क्या हैं आरोप
ऐसे दो लोग जो इस अभियोग के बारे में जानते हैं लेकिन आधिकारिक तौर पर उन्हें इस मामले में बोलने की इजाजत नहीं है उनके मुताबिक ट्रंप पर गोपनीय दस्तावेजों से जुड़े 7 मामलों में आरोप लगाया गया है. हालांकि आरोप अभी तक स्पष्ट नहीं हुए हैं और उन्हें सीलबंद रखा गया है. ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर गुरुवार की रात को कहा कि डीओजे के वकीलों ने उनके वकीलों की टीम को इस बारे में जानकारी दी है. यह भी साफ नहीं हो पाया है कि इस मामले में किसी और को भी आरोपी बनाया जाएगा या नहीं.
मामला बाहर कैसे आया
नेशनल आर्काइव्स एंड रिकॉर्ड्स एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी को जब 2021 में यह लगा कि कार्यालय में ट्रंप के वक्त की कुछ अहम सामग्री संग्रह से गायब है इसके लिए वह ट्रंप के प्रतिनिधियों के पास पहुंचे. प्रेसिडेंशियल रिकॉर्ड्स एक्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के दस्तावेज अमेरिकी सरकार की संपत्ति माने जाते हैं और इसे संरक्षित किया जाता है. ट्रंप के प्रतिनिधियों ने दिसंबर 2021 को राष्ट्रीय अभिलेखागार को बताया कि राष्ट्रपति के रिकॉर्ड मार-ए-लागो में पाए गए थे. जनवरी 2022 को राष्ट्रीय अभिलेखागार ने ट्रंप के फ्लोरिडा वाले घर से दस्तावेजों के 15 डिब्बे जब्त किए. बाद में न्याय विभाग अधिकारियों ने बताया कि उनके पास बहुत ज्यादा संख्या में गोपनीय दस्तावेज थे. इसके बाद मई में एफबीआई और न्याय विभाग ने ट्रंप के कब्जे में रखे बचे हुए गोपनीय दस्तावेज प्राप्त करने के लिए एक समन जारी किया. जब वहां पर टीम पहुंची तो उन्हें करीब 3 दर्जन दस्तावेज और मिले. उस दौरान ट्रंप के वकीलों ने शपथ पत्र पर बयान दिया था कि मांगी गई सभी जानकारी लौटा दी गई हैं.
लेकिन वह बयान भी झूठा निकला, जब फेडरल अधिकारी एक सर्च वारंट के साथ अगस्त 2022 में मार-ए-लागो पहुंचे तो उन्होंने वहां से 33 डिब्बे बरामद किए जिसमें कुल 11000 दस्तावेज मिले, जिसमें 100 गोपनीय दस्तावेज भी थे. कुल मिलाकर उनके पास से करीब 300 गोपनीय दस्तावेज बरामद हुए जिसमें कुछ अति गोपनीय दस्तावेज भी थे.
विशेष सलाहकार कैसे हुए शामिल
पिछले साल अमेरिका के अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैड ने अभियोजक जैक स्मिथ जो एक अनुभवी युद्ध अपराध के अभियोजक और सार्वजनिक भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की पृष्ठभूमि रखते हैं, उन्हें ट्रंप के फ्लोरिडा एस्टेट में गोपनीय दस्तावेजों की मौजूदगी की जांच का नेतृत्व सौंपा. विशेष सलाहकार की नियुक्ति तब की जाती है जब न्याय विभाग खुद मामले को लेकर संघर्ष कर रहा होता है. या यह माना जाता है कि सरकार के बाहर का नुमाइंदा नियुक्त किया जाना सार्वजनिक हित में होगा.
अभियोग क्या होता है
अभियोग किसी पर लगाया गया औपचारिक आरोप होता है जिसमें एक बड़ी जूरी शामिल होती है. यह जूरी समुदाय के सदस्यों से बनी होती है- यह सदस्य और इनके वोट इस बात पर सहमत होते हैं कि किसी पर अपराध का आरोप लगाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं. ट्रंप के खिलाफ अभियोग अभी सील है, लेकिन एक बार दस्तावेज सार्वजनिक होने पर उस अपराध या अपराधों को सामने लाएगा जिसमें ट्रंप पर आरोप लगाया गया है.
क्या अभियोग ट्रंप को राष्ट्रपति की दौड़ से बाहर करेगा
अभियोग या दोषसिद्धि की वजह से ट्रंप 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ से बाहर नहीं होंगे.
.
Tags: America, Donald Trump, White house
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 10:17 IST








