
मेरठ. वेस्ट यूपी के कुख्यात गैंग्स्टर संजीव जीवा हत्याकांड से कचहरी परिसर की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हुए हैं. मेरठ में कचहरी परिसर की सुरक्षा का रिएलिटी चेक एसएसपी ने किया. एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने मेरठ कचहरी परिसर में लगे कैमरे पुलिस की ड्यूटी आदि तो चेक किया ही उन्होंने मेटल डिटेक्टर की चेकिंग बैग में असलहा रखकर की. इस लाइव टेस्टिंग में मेटल डिटेक्टर काम करता मिला.
एसएसपी ने मेटल डिटेक्टर पर मौजूद पुलिसकर्मी से पूछा कि वो कैसे मशीन से चेकिंग करते हैं. बाकायदा डेमो देकर उन्होंने पुलिसकर्मी से सवाल पूछे. मेरठ कचहरी परिसर में दाखिल होने के लिए जितने भी गेट हैं वहां विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं. एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कहा कि अगर कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान मोबाइल चैटिंग करते हुए मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि कचहरी परिसर की सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए गए हैं. अब चेकिंग को और सघन कर दिया गया है. हर आने जाने वाले के बैग की तलाशी ली जा रही है.
वहीं अधिवक्ताओं ने इस जघन्य वारदात पर चिंता ज़ाहिर की. मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंवर पाल शर्मा ने कहा कि वकीलों की सुरक्षा को लेकर विशेष आईकार्ड जारी किए जाने को लेकर वो प्रस्ताव रखेंगे. बहुत जल्द वकीलों को नए आईकार्ड दिए जाएंगे ताकि दूर से ही पहचान हो सके कि ये अधिवक्ता है.
उन्होंने कहा कि सिविल कोर्ट कम्पाउंड की दीवारों को भी उंचा किया गया है. कुवंर पाल शर्मा का कहना है कि बहुत जल्द इस व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा. गौरतलब है कि मेरठ कचहरी परिसर में कई बार गोलीबारी हुई है. कचहरी परिसर में बड़ी वारदातों से वेस्ट यूपी के ज़िले थर्राते रहे हैं.








