नई दिल्ली. बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरुख खान (Shah Rukh khan) की जोड़ी हर एक्ट्रेस के साथ काफी पसंद की जाती है. इंडस्ट्री की कई एक्ट्रेसेस तो ऐसी भी हैं जिनके साथ किंग खान की जोड़ी ‘मेड फॉर ईच अदर’ मानी जाती है. काजोल और शाहरुख तो खासकर फैंस की पसंदीदा जोड़ी है. लेकिन एक समय में एक एक्ट्रेस ने शाहरुख को देखते ही फिल्म में काम करने से मना कर दिया था. कौन थीं वो एक्ट्रेस आइए जानते हैं.
आज शाहरुख खान और जूही चावला की दोस्ती की इंडस्ट्री में मिसाल दी जाती है. दोनों ने अपने करियर में कई फिल्मों में साथ काम किया है. इन दोनों की जोड़ी को काफी पसंद भी किया जाता है. दोनों ने साथ जिन फिल्मों में काम किया उन्हें सफलता भी मिली. लेकिन एक वक्त वो भी था जब शाहरुख अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे और उस दौरा जूही इंडस्ट्री में पहचान बना चुकी थीं. साल 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘राजू बन गया जेंटलमैंन’ कई मायनों में खास है. यही से शाहरुख और जूही की पहली मुलाकात हुई थी. फिल्म में शाहरुख, जूही के अलावा फिल्म में अमृता सिंह नाना पाटेकर भी अहम रोल में थे. इस फिल्म में किंग खान के साथ जूही ने मजबूरी में काम किया था.
आमिर खान संग जम चुकी थीं जोड़ी
इस फिल्म से पहले जूही चावला और आमिर खान की जोड़ी फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ में नजर आ चुकी थी. दर्शकों को ये जोड़ी उस दौर में काफी पसंद आई थी. इसलिए मेकर्स ने भी फैसला किया था कि ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ में आमिर खान और जूही चावला को साथ में कास्ट किया जाएगा. लेकिन किन्ही कारणों के चलते ऐसा हो नहीं सका. इसके बाद फिल्म में शाहरुख खान को लेनी की बात हुई थी. इस फिल्म में जूही और शाहरुख ने पहली बार साथ काम किया था और फिल्म को काफी पसंद किया गया था.
(फोटो साभार:Movies N Memories/Twitter )
किंग खान को देखकर सन्न रह गईं जूही चावला
शाहरुख के फिल्म ‘राजू बन गया जेंटलमैंन’में लेने की बात पर प्रोड्यूसर विवेक बासवानी जब जूही चावला के पास इस फिल्म का प्रस्ताव लेकर गए, तो शाहरुख खान की तारीफ करते हुए जूही से कहा कि फिल्म का हीरो ‘नया लड़का है, फौजी में था औऱ बहुत फेमस है, आमिर खान की तरह ही दिखता है. ऐसे में जूही ने शाहरुख को लेकर आमिर वाली चॉकलेटी हीरो की इमेज बना ली थी, लेकिन जब सेट पर पहुंचीं और उन्होंने पहली बार शाहरुख को देखा तो वह सन्न रह गईं. एक पल के लिए तो वह घबरा ही गई थीं कि एक पतला सा सांवला सा लड़का, जो किसी एंगल से आमिर की तरह नहीं दिख रहा था. उन्हें लगा कि उनके साथ धोखा हुआ है. जूही चूंकि फिल्म साइन कर चुकी थीं तो ऐसे में फिल्म छोड़ने के बारे में भी नहीं सोच सकती थी. इस बात का खुलासा जूही खुद कई शोज में कर चुकी हैं. हालांकि बाद में फिल्म के दौरान दोनों काफी अच्छे दोस्त बन गए.
बता दें कि जब ये फिल्म रिलीज हुई तो दर्शकों के साथ साथ क्रिटिक्स ने भी इस जोड़ी को काफी सराहा था. इस फिल्म से ही शाहरुख और जूही चावला की दोस्ती की शुरुआत हुई थी जो आजतक कायम है. आज भी इंडस्ट्री में दोनों की दोस्ती की मिसाल दी जाती है. दोनों ने अपने एक्टिंग करियर में ‘डर’, ‘डुप्लीकेट, ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘वन टू का फोर’ और ‘भूतनाथ’ फिल्मों में साथ काम किया है.
.
Tags: Entertainment news., Entertainment Special, Shah rukh khan
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 17:14 IST








