
नरेश पारीक/चूरू. कहते हैं अगर कुछ कर गुजरने की तमन्ना हो तो उम्र और हालात मायने नहीं रखते. कुछ ऐसी ही कहानी है चूरू कोतवाली थाने में तैनात कांस्टेबल सचिन मीणा की. जिन्होंने ड्यूटी के साथ-साथ पढ़ाई कर सब इंस्पेक्टर का एग्जाम पास किया है और सचिन के कंधों पर अब जल्द ही दो सितारे लगेंगे. सचिन की ये कहानी आज प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे नोजवानों के लिए काफी प्रेरणादायी है. जो महज 19 साल की उम्र में राजस्थान पुलिस में कास्टेबल के रूप चयनित हो गए और 10 साल की अपनी कास्टेबल की नौकरी करने के बाद सब इंस्पेक्टर के पद पर जॉइन करेंगे.
सचिन बताते हैं की पुलिस की नौकरी काफी चुनौतियों से भरी है जहां 24 घंटे ड्यूटी के साथ उन्होंने पढ़ाई की और राजस्थान पुलिस में सब इंस्पेक्टर का एग्जाम क्लियर किया. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सचिन ने कहा आज के युवा सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अगर किताबों से नजदीकी बनाएंगे तो सफलता जरूर मिलेगी.
ड्यूटी के साथ की पढ़ाई
कांस्टेबल से सब इंस्पेक्टर बने सचिन मीणा ने अपनी कांस्टेबल की नौकरी के साथ ही पढ़ाई कर सब इंस्पेक्टर का एग्जाम क्लियर किया है. सचिन ने इसके लिए कहीं से कोचिंग नहीं की. सेल्फ स्टडी के दम पर सचिन ने टाइम मैनेज कर ये सफलता हासिल की है. सचिन बताते हैं जिस भी थाने में रहा अपनी ड्यूटी के साथ किताबें रखता और जैसे समय मिला वैसे पढ़ाई करता.
पंचायतों में देखते थे पुलिस के जवान
सचिन बताते हैं करीब दस साल पहले वह राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल के तौर पर भर्ती हुए थे. इससे पहले बचपन में गांव में पंचायतों में आने वाले पुलिस के जवानों को देखते थे तब उनके मन में पुलिस में भर्ती होने की इच्छा जागी. सबसे अधिक प्रभाव साल 2016-17 में थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा का रहा. उनकी कार्यशैली देख सचिन ने भी सब इंस्पेक्टर बनने की ठानी और तैयारी शुरू की जिसके बाद दूसरे प्रयास में उन्हें यह सफलता मिली.
.
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 16:54 IST








