ओडिशा ट्रेन हादसा: रेलवे 3 दिनों से ‘ऑन द स्पॉट’ दे रहा मुआवजा, अब तक 546 पीड़ितों को आर्थिक मदद

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भुवनेश्वर. ओडिशा के बालासोर में हुए घातक ट्रेन हादसे के मृतकों और गंभीर रूप से घायलों के परिजनों को रेलवे तेजी से मुआवजा देने का काम कर रही है. घायलों को 50 हजार रुपये, गंभीर घायलों को 2 लाख रुपये और मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है. अब तक 546 लोगों को मुआवजा मिल चुका है, जबकि 286 मामूली रूप से घायल हैं, 101 गंभीर रूप से घायल हैं, और 90 की मौत हो गई है.

बालासोर रेलवे स्टेशन पर रेल दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को रेल विभाग सहायता प्रदान कर रहा है. हादसे के पीड़ितों को भारतीय रेलवे पिछले तीन दिनों से मुआवजा दे रहा है. सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद नगद, चेक और ड्राफ्ट के जरिए मृतक के परिजनों को मुआवजे की राशि दी जा रही है.

जानकारी के अनुसार मृतक व घायलों के 546 लोगों को अब तक मुआवजे की राशि मिल चुकी है. मृतक के रिश्तेदारों को रेलवे विभाग बतौर नकद 50,000 रुपए की रकम हाथ में दे रहा है, जबकि 9.5 लाख रुपये चेक या ड्राफ्ट के रूप में दी जा रही है. इसी तरह गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को हाथ में 50,000 रुपये और 1.5 लाख रुपये चेक या ड्राफ्ट के रूप में दिया जा रहा है. और मामूली घायल व्यक्तियों को मुआवजे के रूप में 50,000 हाथ में दिए जा रहे हैं. भारतीय रेलवे एक विशेष कोष से उक्त मुआवजा राशि प्रदान करता रहा है.

गौरतलब है कि ओडिशा के बालासोर में कोरोमंडल एक्सप्रेस दो जून को ‘लूप लाइन’ पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे कोरोमंडल एक्सप्रेस के अधिकतर डिब्बे पटरी से उतर गए. उसी समय वहां से गुजर रही तेज रफ्तार बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा कर पटरी से उतर गए. दोनों यात्री ट्रेन में करीब 2500 यात्री सवार थे. दुर्घटना में 21 डिब्बे पटरी से उतर गए और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए. इस हादसे में कम से कम 278 लोगों की मौत हो गई, जबकि 900 से अधिक लोग घायल हैं. घायलों का उपचार ओडिशा के विभिन्न अस्पतालों में हो रहा है.

Tags: Indian Railways, Odisha, Odisha Train Accident

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें