WTC Final 2023: वो 5 कारण जो भारत को बना सकते हैं वर्ल्ड चैंपियन, मैच से पहले ही पिछड़ा ऑस्ट्रेलिया

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारतीय क्रिकेट टीम एक और विश्व खिताब की दहलीज पर है. आज (7 जून) से शुरू हो रही आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में यूं तो कांटे के मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है. लेकिन मुझे लगता है कि भारतीय टीम का द ओवल में होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल में अपर हैंड है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहने की उम्मीद है. वैसे तो इसके कई कारण हैं, लेकिन सबसे पहले तो मैं यही कहूंगा कि हम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचे हैं. पिछली बार न्यूजीलैंड से हम हार गए थे. लेकिन अब हम मानसिक तौर पर अच्छी तरह तैयार हैं. मैं यहां ऐसे 5 कारण बताऊंगा जो भारत को जीत का दावेदार बनाते हैं.

1. शुभमन गिल की सुप्रीम फॉर्म
भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टीमों को देखें तो आप पाएंगे कि यदि कोई बैटर पिछले एक साल से अपने सुप्रीम फॉर्म में है, तो वह शुभमन गिल हैं. चाहे वह टेस्ट क्रिकेट हो या वनडे और या फिर टी20 मैच. इस युवा खिलाड़ी ने हर फॉर्मेट में अपनी छाप छोड़ी है. निरंतरता दिखाई है. ऑस्ट्रेलिया उन्हें खतरा मानकर चल रहा होगा. जहां तक भारतीय टीम की बात है तो शुभमन ओपनर हैं. जब ओपनर अच्छी स्टार्ट देते हैं तो टीम बड़ा स्कोर बनाती है. भारतीय टीम उम्मीद करेगी कि शुभमन की यह फॉर्म डब्ल्यूटीसी फाइनल में भी बरकरार रहेगी.

2. विराट कोहली की वापसी
विराट कोहली का फॉर्म में लौटना वह दूसरा कारण है, जो भारत की उम्मीदें जगाता है. विराट ने आईपीएल में जमकर रन बनाए. लेकिन यह आईपीएल की बात नहीं है. विराट 2023 में उसी निरंतरता का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो उन्होंने अपने करियर के शुरुआती 10 साल में किए. उन्होंने पिछले छह महीने में वनडे, टेस्ट और टी20 मुकाबलों में सेंचुरी बनाई है. विराट कोहली बड़े मैचों के खिलाड़ी रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई पारी अब भी क्रिकेटप्रेमियों की जेहन में होगी. कोई शक नहीं उनका फॉर्म में लौटना टीम को हौसला दे रहा होगा.

3. मोहम्मद शमी की लय
मोहम्मद शमी पूरे लय में हैं. आईपीएल 2023 में पर्पल कैप जीतने वाले इस खिलाड़ी की ताकत ही टेस्ट क्रिकेट है. शमी वो बॉलर हैं, जो पहले बैटर को सेट करते हैं और फिर उसका शिकार करते हैं. यह खिलाड़ी लाल गेंद से और भी खतरनाक हो जाता है. इस पर इंग्लैंड की स्विंग को मदद करने वाली परिस्थितियां इस गेंदबाज के लिए सोने पर सुहागा वाला काम करेंगी.

4. सिराज बनाते हैं हंटिंग पेयर
मोहम्मद शमी के साथ-साथ मोहम्मद सिराज भी बेहतरीन लय में हैं. उन्होंने आईपीएल 2023 में 14 मैच में 23 विकेट लिए. शमी की तरह सिराज को भी लाल गेंद ज्यादा भाती है. जब आप विकेट लेते हैं तो हौसला बढ़ता है. पिछला प्रदर्शन आगे भी काम आता है. आप ज्यादा विश्वास के साथ बॉलिंग करते हैं. मोहम्मद सिराज के साथ भी यही स्थिति है. मोहम्मद सिराज अपने सीनियर साथी मोहम्मद शमी के साथ हंटिंग पेयर बनाते हैं, जो ऑस्ट्रेलिया का पसीना छुड़ाने वाली साबित होगी.

5. पुजारा बना रहे लगातार रन
राहुल द्रविड़ के बाद यदि किसी बैटर ने विकेट पर लंबे समय तक टिकने का माद्दा दिखाया है तो वह चेतेश्वर पुजारा हैं. जब वे सेट होते हैं तो जल्दी आउट नहीं होते. लंबी पारी खेलते हैं. दिनभर खूंटा गाड़कर विरोधी का हौसला तोड़ देते हैं. भारतीय टीम पुजारा से यही उम्मीद भी कर रही होगी. इसकी वजह भी है. पुजारा तकरीबन 2 महीने से इंग्लैंड में हैं. उन्होंने इस दौरान काउंटी क्रिकेट में खूब रन बरसाए हैं. उनकी फॉर्म भारत को ताकत देने वाली साबित होगी.

हमें यह भी नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय टीम के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा का इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन रहा है. उन्होंने इंग्लैंड में खेल गए 2019 के वर्ल्ड कप में 5 शतक लगाए थे. अजिंक्य रहाणे तो विदेश में प्रदर्शन करने के लिए ही जाने जाते हैं. रवींद्र जडेजा इस समय दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों में शुमार हैं. वे ना सिर्फ स्पेशलिस्ट बैटर की तरह प्रदर्शन करते हैं, बल्कि विकेट से थोड़ी भी मदद मिलने पर विरोधी टीम की खटिया खड़ी कर देते हैं. रविचंद्रन अश्विन भी कम नहीं. तीन टेस्ट शतक लगा चुका यह खिलाड़ी जब गेंद से रंग दिखाता है तो अकेले ही विरोधी टीम को समेट देता है. ऑस्ट्रेलिया को इसका पूरा अनुभव भी है. दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया अपनी जिस बड़ी ताकत पर इतराता है, वह फाइनल मुकाबले से ठीक पहले थोड़ी कुंद हो गई है. वह ताकत है पेस अटैक की, जो जोश हेजलवुड के चोटिल होने से कमजोर हुई है. कोई शक नहीं कि भारतीय बैटर इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगे.

कुल मिलाकर भारत की इस टीम में विश्व चैंपियन बनने का पूरा माद्दा है. उम्मीद है ये खिलाड़ी अपनी क्षमता को मैदान पर पुरजोर तरीके से उतारेंगे और भारत को विश्व चैंपियन बनाएंगे.

Tags: India vs Australia, Lalchand Rajput, Shubman gill, Team india, WTC Final

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें