
Shivendra Singh Baghel
रीवा. मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के रीवा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी से ठीक 1 दिन पहले दूल्हे और उसके परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया. आरोप है कि दूल्हे ने शादी से ठीक 1 दिन पहले 5 लाख कैश की मांग की और न देने पर बारात लाने से इनकार कर दिया. मामले में पीड़ित दुल्हन अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची है और मामले की शिकायत करते हुए न्याय की मांग की. मामला शहर के विश्व विद्यालय थाने का है, जहां गढ़ थाने के ग्राम लोरी के वर्मा परिवार के लोगों ने वर पक्ष पर दहेज की मांग करते हुए शादी तोड़ने की शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी का शादी इटोरा के रहने वाले विनय कुमार साकेत के साथ तय की गई थी. तय कार्यक्रम के मुताबिक 31 मई को तिलक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें वधू पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक वर पक्ष को फोर व्हीलर गाड़ी और 50,000 नगद समेत एक लाख का सामान दिया था.
दहेज मांगने का आरोप
परिजनों का कहना है कि लड़की पक्ष तिलक के बाद 5 जून को होने वाली शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था. तभी शादी से ठीक 1 दिन पहले 4 जून को वर पक्ष की ओर से लड़के के पिता ने लड़की के पिता से 50,0000 रुपये की मांग की. दहेज की रकम ना देने पर उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने थाने मे मामले की शिकायत कर दी. मामले में पीड़ित परिवार सहित लड़की ने लिखित शिकायत पत्र देकर दूल्हे सहित उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल इस मामले में अभी पुलिस कुछ भी कहने से बच रही. पुलिस ने लड़की के आवेदन की जांच करने के बाद कार्रवाई का भरोषा दिया गया है. वहीं दूल्हे का आरोप है कि दबाव डालकर तिलक चढ़ाई गई है. लड़के ने लड़की के चरित्र पर संदेह जताया है और इसी बात को शादी तोड़ने की वजह बता रहा है.
.
Tags: Crime News, Dowry Harassment, Mp news, Rewa News
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 13:10 IST








