
मोहित शर्मा/ करौली. राजस्थान के करौली में एक किसान ने अपने पक्के मकान पर एक ऐसी छत बिछाई है. जो आज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. मकान की छत की जब भी बात आती है तो सुरक्षा और मजबूती की दृष्टि से लोग भले ही आरसीसी और पत्थर की छत को सबसे बढ़िया मानते हो. लेकिन करौली हिंडौन मार्ग पर स्थित खेड़ा गांव के इस किसान ने अपने पक्के मकान पर आरसीसी की बजाय सरकंडे की घास की छत बिछा दी है. हालांकि किसान के इस विचार से पहले उसके सभी घर वाले नाराज हुए थे. लेकिन घास की छत डलने के बाद किसान का यही घर आज पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
छान के बंगले से आया विचार
किसान के अनुसार उन्हें छत डालने का यह अनोखा विचार एक जगह पर छान के बंगले को देख कर आया था. उस छान के बंगले में आराम को देखते हुए खेड़ा के इस किसान ने भी आराम और अपने सुख को देखते हुए अपने पक्के मकान पर घास की छत बिछाइ है.
पाली से लाए थे छत के लिए घास
किसान जितेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि यह छत सरकंडे की घास की बनती है. लेकिन हमारे क्षेत्र में सरकंडा उपलब्ध नहीं होने के कारण मैं स्वयं पाली जाकर सरकंडा के 1000 पूड़े लाया और उसके बाद छत को बनाने वाले कारीगर मैं बॉस मोरूडा से लाया था. तब जाकर इतनी मेहनत के बाद हमने अपने मकान पर छत हटके डलवाई है.
छान की छत के कई फायदे
किसान जीतेंद्र सिंह चौधरी का कहना है कि छान की छत डलवाने के कई फायदे भी है. इसका पहला फायदा है कि हर मौसम के अनुसार छान की छत अनुकूल रहती है. गर्मी के मौसम में इसकी छत मकान को ठंडा तो सर्दियों में यह छत मकान को गर्म रखती है. उनका कहना है कि एक बार आरसीसी और पत्थर की छत खराब होने पर उसे पूरी बदलना पड़ता है जिसमें खर्चा भी ज्यादा होता है. लेकिन घास की छत का एक बार कुछ बिगड़ भी जाए तो इसका पूरा मटेरियल दोबारा इसका मेंटेनेंस करने में काम आ जाता है.
कम से कम 50 वर्ष होती है इसकी उम्र
किसान के मुताबिक छान की छत की उम्र कम से कम 50 साल होती है और अगर इसका पानी से बचाव कर दिया जाए तों इसका 100 वर्ष तक कुछ नहीं बिगड़ पाता है. इसी कारण किसान जितेन सिंह ने अपने मकान की छान के छत के ऊपर लोहे की चादर डलवाई है.
गांव में यह अनोखा घर बना आकर्षण का केंद्र
खेड़ा गांव के स्थानीय निवासी टिकेंद्र सिंह चौधरी का कहना है कि छान की छत वाला यह घर आज गांव सहित पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. जो भी लोग इस घर के पास से गुजरते हैं तो वह अवश्य ही इसको अंदर आकर देखते हैं. आरसीसी के मकानों के बीच अलग ही हटके छान की छत वाले इस पक्के मकान को देखकर लोग इसकी ओर खींचे चले आते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 14:50 IST








