
मुंबईः बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली (Sara Ali Khan) खान इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ की सफलता से बेहद खुश हैं. इस फिल्म में उनकी जोड़ी विक्की कौशल के साथ जमी है और दर्शकों को दोनों की कैमेस्ट्री खूब पसंद आ रही है. इस बीच सारा अली खान अपनी फिल्म देखने सिनेमाघर पहुंचीं, वो भी ‘सहपरिवार’. सारा ने रविवार को अपनी मां अमृता सिंह (Amrita Singh), भाई इब्राहिम अली खान और फैंस के साथ फिल्म देखी और इस दौरान खूब मस्ती भी की. एक्ट्रेस ने मस्ती से भरे परिवार का आनंद लेते हुए सोशल मीडिया पर हंसी और उत्साह से भर पलों की झलक साझा की है. सारा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर भी फोटोज का एक कोलाज शेयर किया है.
तस्वीर में, सारा अली खान को अपने प्रशंसकों, मां अमृता सिंह और भाई इब्राहिम के साथ पोज देते हुए देखा जा सकता है और इस फोटो को उन्होंने कैप्शन दिया है, ‘संडे सिनेमाघर में सहपरिवार बिताया.’ बता दें, इस रोमांटिक ड्रामा के प्रमोशन में विक्की कौशल और सारा अली खान कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. दोनों स्टार लगातार फिल्म के चलते सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ वीडियोज शेयर कर रहे हैं और अलग-अलग जगह जाकर फैंस से फिल्म देखने की अपील कर रहे हैं.
फिल्म में सारा और विक्की मुख्य भूमिका में हैं. कलेक्शन की बात करें तो फिल्म की कमाई में शनिवार को जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जिसकी बदौलत 2 दिन में जरा हटके जरा बचके का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अच्छा रहा. इसने शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर 7.20 करोड़ रुपये की कमाई की, जो अब तक कुल 12.69 करोड़ रुपये हो गई है.
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को ट्वीट किया और कहा कि जरा हटके जरा बचके रविवार को 10 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है. अपने ट्वीट में तरण ने लिखा – ‘जरा हटके जरा बचके एक्सबिटर्स के लिए राहत लेकर आई है. हाउसफुल बोर्ड फिर से वापस आ गए हैं. 2 दिन में फिल्म में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली. शुक्रवार को फिल्म ने 5.49 करोड़ कमाए, शनिवार को 7.20 करोड़. अबतक कुल कमाई 12.69 करोड़. वीकेंड तक फिल्म के 22 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है.’
जरा हटके जरा बचके में विक्की और सारा की जोड़ी पहली बार जमी है. फिल्म में सारा-विक्की के अलावा मेघना अग्रवाल, इनामुलहक, नीरज सूद, आकाश खुराना, राकेश बेदी और शारिब हाशमी भी अहम रोल में हैं. फिल्म को दर्शकों और आलोचकों से अच्छी समीक्षा मिल रही है. ऑनस्क्रीन दोनों की जोड़ी और कैमेस्ट्री खूब पसंद की जा रही है.
.
Tags: Bollywood, Entertainment, Sara Ali Khan
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 07:55 IST








