बुंदेली परंपरा से उठी बेटियों की डोली, विधायक और अफसरों ने किया विदा, CM ने दी शुभकामनाएं 

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अनुज गौतम/सागर: चलो रे डोली उठाओ कहार… गाने की की गूंज के साथ कमिश्नर, कलेक्टर, विधायक सहित अन्य अधिकारियों ने नव विवाहित बेटियों को डोली में बिठाकर विदा किया. नई नवेली दुल्हनों को ससुराल रवाना करने के लिए यहां पर बुंदेली परंपरा का निर्वहन करते हुए डोली की व्यवस्था की गई थी.

सागर जिले के मकरोनिया रजाखेड़ी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन में 1075 जोड़ों ने 7 फेरे लिए. यहां हाथ पीले करने के बाद हिंदू रीति रिवाज के तहत पंडितों के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया गया. इनमें 1001 कन्याओं के हिंदू रीति रिवाज से विवाह और 74 कन्याओं के मुस्लिम रीति रिवाज से निकाह हुए.

सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअली आशीर्वाद देते हुए कहा…”मामा की दुआएं तू लेती जा, जा तुझको सुखी संसार मिले. बेटियां हमेशा वरदान होती हैं, जिनके घर बेटियां होती हैं, वे बड़े भाग्यवान होते हैं और मकरोनिया में जो कार्यक्रम हो रहा है वह ऐतिहासिक है”.

वहीं सांसद राज बहादुर सिंह, विधायक प्रदीप लारिया, कलेक्टर दीपक आर्य, कमिश्नर वीरेंद्र रावत से लेकर तमाम जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने बेटियों को डोली में बिठाकर विदा किया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा सभी नव दंपतियों को शादी के बाद तत्काल 49000 रुपये का चेक प्रदान करने के निर्देश दिए गए थे. इसी परिप्रेक्ष्य में समस्त नव दंपतियों को 49-49 हजार के चेक भी प्रदान किए गए.

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए
कार्यक्रम के आयोजक विधायक प्रदीप लारिया ने बताया कि जिस तरह से हर पिता अपनी बेटी की शादी भव्य तरीके से करना चाहता है. डोली में बैठा कर विदा करना चाहता है. उसी तरह की तैयारियां सामूहिक विवाह सम्मेलन में की गई थी. बेटियों को किसी भी प्रकार की कोई कमी महसूस न हो, इसलिए मैंने खुद व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाले रखा था. हर दुल्हन को अपनी बेटी की तरह समझ कर विदा किया है. गीत संगीत मनोरंजन के लिए बुंदेली प्रसिद्ध कलाकार जित्तू खरे के द्वारा यहां पर प्रस्तुति दी गई. जिसमें उन्होंने विभिन्न शादी के गीत गाए और भजनों की सुंदर प्रस्तुति भी दी.

Tags: CM Shivraj, MP Government, Mp news, Sagar news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें