
धर्मेंद्र शर्मा/करौली. जिला मुख्यालय स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. पुलिस ने मृतक का शव करौली हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है. मृतक के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
5-6 दोस्तों के साथ नहाने गया था युवक
करौली थाना एसआई यदुवीर सिंह ने बताया कि दिलीप सिंह पुत्र प्रभाती लाल उम्र 22 साल निवासी दहमोली अपने 5-6 मित्रों के साथ करौली-गंगापुर मार्ग पर एनएच-23 स्थित बरखेड़ा पुल के पास एक निजी स्विमिंग पूल में नहाने गया था.
पूल में नहाने के दौरान अचानक युवक डूबने लगा. पूल में नहा रहे आसपास मौजूद युवकों ने दौड़कर डूब रहे युवक को बाहर निकाला और करौली हॉस्पिटल पहुंचाया. डॉक्टर ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. मृतक का शव हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया. जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है.
4-5 महीने पहले ही हुई थी शादी
बता दें कि युवक की करीब चार-पांच माह पूर्व ही शादी हुई थी. मृतक के पिता का करीब 1 वर्ष पूर्व निधन हो गया. मृतक दो भाई हैं. करौली में निजी स्विमिंग पूल में संभवत पहली बार किसी के डूबने की घटना सामने आई है.
पुलिस मामले को दर्ज कर सभी एंगल से जांच कर रही. एसआई ने बताया कि मृतक के शव का परिजनों की करौली पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साथी युवकों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है. युवक के परिजनों ने बताया कि युवक अपने मित्रों के साथ पूल में नहाने गया था डूबने से उसकी मौत हो गई. युवक की मौत से परिजनों में शोक फैल गया.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 21:18 IST








