
पीयूष पाठक/ अलवर. साल 2022 में पूरे देश भर में लंपी वायरस ने अपना कहर दिखाया. जहां गायों को लंपी वायरस ने अपनी चपेट में लिया. इसका असर यह हुआ कि गायों को जान गवानी पड़ी. हालांकि पशुपालन विभाग की ओर से टीकाकरण का दौर शुरू करने के साथ ही इसमें तेजी लाई गई. जिससे लंपी वायरस ज्यादा नुकसान नहीं पहुंच पाया. एक बार फिर से लंपी वायरस के कुछ केस प्रदेश के कई जिलों में मिले हैं. जिसको देखते हुए अलवर पशुपालन विभाग ने जिले में तैयारियां तेज कर दी. विभाग की ओर से टीकाकरण सुचारू रूप से किया जा रहा है. विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक करीब 50 हजार से ज्यादा वैक्सीन गायों को लगाई जा चुकी है. विभाग का टारगेट 1 लाख 91 हजार वैक्सीन लगाने का है.
पशु विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश चौधरी ने बताया कि जिस तरह से लंपी वायरस ने पिछले साल अलवर जिले में अपना कहर बरपाया. उसको देखते हुए राज्य सरकार ने 20 मई 2023 से पशुओं में टीकाकरण पर जोर दिया. जिसके तहत अलवर जिले में अभी तक करीब 50 हजार से ज्यादा डेज लगाई जा चुकी है. विभाग का लक्ष्य 20 जून तक 1 लाख 91 हजार वैक्सीन पशुओं में लगाने का रहेगा. इसके लिए विभाग के सभी कर्मचारी व अधिकारी द्वारा तहसील स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है. वह घर व सभी गौशाला में जाकर पशुओं को टीका लगाया जा रहा है.
डॉ राजेश चौधरी ने कहा कि मेरा सभी गौ पालकों से अनुरोध है कि अपने गोवंश को टीका जरूर लगवाएं. जिससे अगर लंपी वायरस अलवर जिले में आता भी है तो पशुओं पर इसका कोई असर नहीं होगा. अगर किसी व्यक्ति को किसी पशु में लंपी वायरस के लक्षण दिखाई देते है तो वे तुरंत पशु चिकित्सालय पहुंचकर डॉक्टर से जानकारी लें. अपने पशुओं को डॉक्टर को तुरंत दिखाएं जिससे समय रहते इसका इलाज किया जा सके.
पशुओं को लगाई जा रही गॉट पॉक्स वैक्सीन
अलवर जिले में चल रहे टीकाकरण अभियान में पशुओं को गोट पॉक्स वैक्सीन लगाई जा रही है. जिले में अभी तक 50 हजार से ज्यादा गॉट पॉक्स वैक्सीन पशुओं को लगाई जा चुकी है. इनमें अलवर जिले की सभी गौशालाओं के गोवंश को वैक्सीन लगा दी गई है. विभाग के सभी कर्मचारी इस कार्य में लगे हुए हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 20:51 IST








