
मोहित राठौर/शाजापुर: शहर के बीच से निकली चीलर नदी गंदगी और जलकुंभी का शिकार हो रही है और इसमें मिलने वाले गंदे नाले नदी को प्रदूषित कर रहे हैं. नदी को साफ करने के लिए शनिवार को जन सहयोग से एक दिवसीय सफाई अभियान चलाया गया. सुबह से शुरू हुआ सफाई अभियान शाम तक चला.
सफाई अभियान की शुरुआत स्कूली शिक्षा राज्यमंत्री इंदर सिंह परमार, कलेक्टर किशोर कुमार और नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन ने की. शिक्षा मंत्री परमार ने कहा इस अभियान से लोगों में जागरूकता आएगी. नदियां पवित्र होकर और हमारे लिए पूजनीय होती हैं. शहरवासी इसमें कचरा नहीं डालेंगे और इसे गंदा नहीं करेंगे.
सभी को प्रयास करने की जरूरत
कलेक्टर किशोर कन्याल ने बताया कि शहर के सामाजिक संगठनों, इंजीनियर्स अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर शहर के बीच बहने वाली चीलर नदी की सफाई के लिए आज एक दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है. एक दिन में पूरी शक्ति लगाकर सफाई अभियान चलाया जाना है. इसके लिए शहर के सभी लोग सहयोग कर रहे हैं. नदी के करीब 2 किमी क्षेत्र की सफाई की जाना है. इसके लिए मशीनरी व अन्य संसाधनों का इंतजाम जन सहयोग से किया गया. चीलर को पुनः जीवनदायिनी बनाने के लिए सभी को प्रयास करने की जरूरत है.
नदी की सफाई के लिए ये लगे संसाधन
सफाई अभियान के लिए 10 पोकलेन, 20 जेसीबी एवं 50 डंपर तथा 200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की व्यवस्था की गई. चीलर नदी सफाई महाअभियान के लिए 12 दलों का गठन किया गया. 10 स्थलों के लिए इंजीनियर एवं अन्य अधिकारियों के दल गठित किए हैं. चीलर नदी की सफाई के लिए कुल 10 प्वाइंट्स बनाए गए हैं. इसके साथ ही भोजन एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए भी एक-एक दल बनाया गया है.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 20:56 IST








