Odisha Train Accident: ओडिशा ट्रेन हादसे को सांप्रदायिक रंग देने लगे शरारती तत्व, पुलिस ने दी सख्त एक्शन की चेतावनी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली. ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण ट्रेन हादसे 275 से अधिक लोगों की जान चली गई है. इस घटना ने लोगों को सहमाकर रख दिया है तो वहीं कुछ शरारती तत्व ऐसे भी हैं जो इस ट्रेन हादसे को ‘सांप्रदायिक रंग’ देने की फिराक में लगे हैं. इसी को लेकर ओडिशा पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी जारी की है. पुलिस ने यह भी कहा कि अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ओडिशा पुलिस ने ट्विटर पर कहा, ‘यह देखने में आया है कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल शरारती तरीके से बालासोर में हुए दुखद ट्रेन हादसे को सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.’ पुलिस ने कहा, ‘हम सभी से अपील करते हैं कि वे इस तरह के झूठे और दुर्भावनापूर्ण पोस्ट को प्रसारित करने से बचें. अफवाहें फैलाकर सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी.’

सोशल मीडिया संदेशों में कुछ ऐसे संदेश भी दिखे जिनमें घटनास्थल के पास स्थित एक ढांचे को एक विशेष समुदाय से जोड़ा गया, जिसकी कई अन्य लोगों ने निंदा की है. इसी को लेकर ओडिशा पुलिस एक्टिव हो गई है. पुलिस सोशल मीडिया पर शेयर की जाने वाली भ्रामक पोस्टों पर नजर रख रही है. ट्रेन हादसे को सांप्रदायिक रंग देने वालों को सख्त चेतावनी दे दी गई है.

गौरतलब है कि बालासोर के बाहानगा बाजार स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस शुक्रवार शाम करीब सात बजे एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी, जिससे इसके अधिकतर डिब्बे पटरी से उतर गए. कोरोमंडल एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे उसी समय वहां से गुजर रही बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस के कुछ पिछले डिब्बों पर पलट गए. इस दुर्घटना में कम से कम 275 यात्रियों की मौत हो गई और 1100 से अधिक यात्री घायल हुए हैं. (भाषा के इनपुट के साथ)

Tags: Odisha Train Accident, Train accident

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें