
नकुल कुमार / पूर्वी चंपारण. पूरी दुनिया में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन हेतु जागरूकता फैलाने के लिए प्रत्येक वर्ष 5 जून कोविश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है. इसी को लेकर पर्यावरण दिवस से एक दिन पहले रविवार को पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी में कलाश्रम आर्ट और म्यूजिक कॉलेज राजेंद्र नगर मोतिहारी के तत्वावधान में दो दिवसीय पोस्टर प्रतियोगिता सह प्रदर्शनी का आयोजन स्थानीय गांधी मैदान के प्रांगण में किया गया. इसमें तकरीबन एक दर्जन छात्र-छात्राएं शामिल हुए. जिन्होंने अपनी पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया.
पर्यावरण बचाने का संदेश दे रही पेंटिंग
प्रतियोगियों द्वारा बनाए गए पेंटिंग समाज को पेड़ काटने पर उसका जीव-जंतुओं पर पड़ने वाले असर और पर्यावरण नुकसान को दर्शा रही थी. साथ ही पर्यावरण को बचाने के लिए प्रेरित कर रही थी. इस दौरान रिदम कुमार का थर्माकोल से बना मॉडल ‘पेड नहीं तो हम नहीं’ आकर्षण के केंद्र में रहा. जिसमें एक कंकाल पेड़ काट कर बैठा हुआ है. उसकी यह स्थिति पेड़ कटने के बाद हो गई थी. इसलिए पेड़-पौधों को बचाना जरूरी है.
चरखा पार्क मोतिहारी के नुक्कड़ पर लगाए जाएंगे पोस्टर
इस दौरान कला आश्रम के आयोजक राजकुमार ने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज इस कार्यक्रम में बनाए गए सभी पोस्टरों को मोतिहारी के गांधी संग्रहालय के सामने स्थित चरखा पार्क मोतिहारी के नुक्कड़ पर लगाया जाएगा, ताकि वहां से गुजरने वाले सैकड़ों राहगीरों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया जा सके. कार्यक्रम के आयोजक संस्था के संस्थापक राजकुमार और संयोजक केबीसी विजेता सुशील कुमार थे.








