वॉशरूम गेट के हैंडल की जगह लगा दिए फिल्मफेयर अवॉर्ड्स, नसीरुद्दीन शाह का शॉकिंग खुलासा, बताई ऐसा करने की वजह

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) बॉलीवुड के बेहतरीन सितारों में से एक हैं. उन्होंने अपने करियर में कई सारे अवॉर्ड्स जीते हैं. इस बीच नसीरुद्दीन शाह ने ऐसा खुलासा किया है जिसे जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे. उनका कहना है कि वह जीते हुए फिल्म अवॉर्ड्स को गंभीरता से नहीं लेते हैं. यहां तक कि उन्होंने वॉशरूम के गेट के हत्थे के तौर पर फिल्मफेयर अवॉर्ड्स लगा रखे हैं.

नसीरुद्दीन शाह ने The Lallantop के साथ इंटरव्यू के दौरान कहा, ‘मेरे लिए इन ट्रॉफियों की कोई कीमत नहीं है. पहली वाली जब मिली थी, तो मैं बहुत खुश हुआ था. उसके बाद मुझे लगातार अवॉर्ड पर अवॉर्ड मिलते गए. उस वक्त मेरा करियर शुरू हुआ था, लेकिन उस दौरान मुझे पता चला कि ये लॉबीइंग का नतीजा है. ये आपके मेरिट की वजह से नहीं मिल रहे हैं, तो मैंने उनको कहीं रख दिया.’

नसीरुद्दीन को आई अपने पिता की याद
एक्टर ने कहा, ‘जब मुझे पद्मश्री, पद्मभूषण वगैरह दिया गया, तो मुझे अपने वालिद की बहुत याद आई, जो गुजर चुके थे. वे हमेशा इस फिक्र में रहते थे कि तुम ये निकम्मो का काम करते हो. जब मैं राष्ट्रपति भवन पहुंचा, तो ऊपर की तरफ देखकर बाबा से कहा कि देख रहे हो ना आप? वो देख रहे थे और बहुत खुश थे.’

वॉशरूम के डोर हैंडल की जगह लगा दिए अवॉर्ड्स
नसीरुद्दीन शाह ने आगे बताया, ‘जो कॉम्पिटिटिव अवॉर्ड होते हैं, उनसे मुझे सख्त नफरत है, क्योंकि किसी भी एक्टर जिसने अपनी जान लगाकर काम किया है, वो सबसे अच्छा एक्टर है सालभर का. अब टोकरी में से एक बंदा निकालकर कहोगे कि ये सबसे अच्छा एक्टर है, तो ये कहां से जायज बात हुई. मुझे उन अवॉर्ड्स को लेकर कोई गर्व नहीं है. यहां तक कि दो अवॉर्ड मुझे मिल रहे थे, तो मैं उन्हें लेने के लिए भी नहीं गया था. मैंने जो फार्महाउस बनाया था, तो सोचा कि उन्हें लगा देते हैं. जो बाथरूम जाएगा, उसे दो-दो मिलेंगे क्योंकि दोनों हाथों से दरवाजा खोलना पड़ता है.’

वेब सीरीज में दिखे नसीरुद्दीन शाह
वर्क फ्रंट की बात करें तो नसीरुद्दीन शाह पिछली बार वेब सीरीज ताज: रेन ऑफ रिवेंज में नजर आए थे. इसमें उन्होंने अदिति राव हैदरी, राहुल बोस, संध्या मृदुल, जरीना वहाब जैसे सितारों के साथ काम किया है. ये सीरीज पिछले महीने 12 मई 2023 को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम हुई थी.

Tags: Bollywood news, Naseeruddin Shah

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें