
नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच मैदान पर भिड़ंत फैंस के लिए अलग ही रोमांच लेकर आती है. 2023 की बात करें, तो दोनों देशों के बीच एशिया कप से लेकर वनडे वर्ल्ड कप तक में भिड़त होनी है. बतौर कप्तान रोहित शर्मा से लेकर बाबर आजम यहां अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे, लेकिन आज से 6 साल पहले इंग्लैंड में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया ने विराट कोहली की कप्तानी में अच्छी शुरुआत की थी. टीम ने अपने पहले मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को बड़ी शिकस्त दी थी. लेकिन 14 ही दिन में पड़ोसी देश ने हार का बदला ले लिया था और टीम इंडिया से आईसीसी ट्रॉफी तक छीन ली थी.
2017 की चैंपियंस ट्रॉफी इंग्लैंड में खेली गई थी. 4 जून को बर्मिंघम में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया. टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने मैच में जोरदार प्रदर्शन किया. भारत ने पहले खेलते हुए 48 ओवरों में 319 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. रोहित शर्मा ने 119 गेंद पर 91 तो विराट कोहली ने 68 गेंद पर 81 रन की आक्रामक पारी खेली थी. युवराज सिंह ने 32 गेंद पर 53 तो हार्दिक पंड्या ने 6 गेंद पर 20 रन बनाए थे. ओपनर शिखर धवन ने भी 68 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली.
रियाज की हुई जमकर कूटाई
मैच में पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वहाब रियाज की जमकर कूटाई हुई और उन्होंने 10 से अधिक की इकोनॉमी से रन दिए. रियाज ने 8.4 ओवरों में 87 रन खर्च किए थे. वहीं तेज गेंदबाज हसन अली ने 10 ओवर में 70 रन दिए थे. बारिश के चलते पाकिस्तान को 41 ओवरों में 289 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन सरफराज अहमद की अगुआई में टीम 33.4 ओवर में 164 रन पर सिमट गई. इस तरह से टीम इंडिया ने यह मुकाबला डकवर्थ लुईस नियम से 124 रनों से जीता.
रोहित शर्मा के बाद कौन होगा अगला कप्तान? 4 रेस में पर 3 टीम से बाहर, एक खुद ही नहीं खेलना चाहता
फाइनल में भारत की करारी हार
पहला मुकाबला हारने के बाद भी पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही. यहां उसकी भिड़ंत एक बार फिर टीम इंडिया से हुई. 18 जून को ओवल में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 338 रन बनाए. फखर जमां ने 114 तो मोहम्मद हफीज ने 57 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया 30.3 ओवरों में 158 रन पर सिमट गई थी. इस तरह से पाकिस्तान को 180 रन से बड़ी जीत मिली थी. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर और हसन अली ने 3-3 विकेट झटके.
.
Tags: India Vs Pakistan, On This Day, Team india, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 07:08 IST








