
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. जेब में दस लाख रुपये हो तो कोई लक्जरी कार, तो कोई अपने सपने के आशियाने के लिए घर खरीदने का सपना देखता है. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जितने में आप एक XUV कार खरीदते हैं उतने में बनारस (Banaras) में सिर्फ 1 बनारसी साड़ी मिलती है. हैंड मैड बनी ये साड़ी इतनी खूबसूरत होती है कि देखने वाला बस देखता ही रह जाता है.
वाराणसी में कई ऐसे शॉप है जहां लाखों रुपये की कीमत वाली ये साड़ियां बिकती है. बात अगर इन साड़ियों की खासियत की करें तो प्योर सिल्क की बनी इन साड़ियों में हैंड वीविंग का काम चांदी के तारों से होता है. इसके अलावा उसपर गोल्ड की पॉलिश भी लगाई जाती है जो इन साड़ियों की खूबसूरती में चार चांद लगाती है. लाल, नीली, सफेद, गुलाबी रंग के इन खूबसूरत साड़ियों की कीमत लाखों में है.
5 से 6 महीने का लगता है वक्त
बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इन बनारसी साड़ियों (Banarasi Saree) को बनाने में 5 से 6 महीने तक का वक्त लगता है. भारत के बड़े शहरों से ऑर्डर के बाद इन साड़ियों की पहले डिजाइन कराई जाती है उसके बाद इसे बनाने का काम शुरू होता है. ये साड़ी पूरी तरह हैंडमेड होती है इसमें मशीन का प्रयोग बिल्कुल भी नहीं होता है.
बड़े शहरों से आतें है ऑर्डर
इतना ही नहीं ऑर्डर के हिसाब से इससे महंगी साड़ियां भी बनाई जाती है. उसमें गोल्ड के तारों के साथ जेम्स स्टोन का भी प्रयोग होता है. ये एक्सक्लूसिव साड़ियां मुम्बई, हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में डिमांड होती है. इसके अलावा विदेशों से भी कभी-कभी इनकी डिमांड आती है.
बॉलीवुड स्टार है फैन
बताते चलें कि बॉलीवुड से लेकर बड़े उद्योगपति घरानों की महिलाएं इन बनारसी साड़ियों की मुरीद है. बॉलीवुड की नामचीन हस्तियां खुद के शादी और रिसेप्शन पार्टी के अलावा दूसरे मौकों पर इन बनारसी साड़ियों में नजर आती है.
.
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 17:45 IST








