
वैशाली. वैशाली जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव लगातार जारी है. इसी क्रम में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को धता बताते हुए दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की घटना को अंजाम दिया है. हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित पुतुल ज्वेलरी शॉप में घुसकर अपराधियों ने लाखों की लूट की है. दो बाइक से चार की संख्या में आए अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया है.
बताया गया कि अपाचे बाइक और एक स्कूटी से चार की संख्या में अपराधी ज्वेलरी शॉप पहुंचे थे, जहां दो अपराधी शॉप की सीढ़ियों पर ही रुक गया था जबकि दो अपराधी शॉप के अंदर दाखिल हुआ था. अपराधियों ने पहले दुकान का शटर बंद कर दिया. इसके बाद दुकान पर बैठे दुकान संचालक उमेश शाह की जबर्दस्त पिटाई की. इसके बाद पिस्तौल की नोक पर शॉप में रखे तमाम सोने चांदी के गहने और दराज में मौजूद नगद एक लाख रुपए लूटकर फरार हो गए.
अपराधियों के फरार होने के बाद दुकान संचालक के द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर औद्योगिक थाना, नगर थाना की पुलिस के साथ वैशाली एसपी रवि रंजन कुमार भी पहुंचे. उन्होंने दुकान संचालक से बातचीत कर घटना की जानकारी ली. मौके पर मौजूद वैशाली एसपी रवि रंजन कुमार ने बताया कि औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक आभूषण की दुकान में लूट की घटना की गई है. सूचना के बाद हम लोग छानबीन में यहां आए हैं. अभी दुकान मालिक उसका सत्यापन कर रहे हैं.
एसपी ने बताया कि कुछ संदिग्धों की हमने शिनाख्त की है और उनकी गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है. दुकान संचालक उमेश शाह ने लूट के विषय में बताया कि दुकान में चार अपराधी घुसे थे. दुकान में एक लाख रुपया कैश, ढाई किलो चांदी था और 200 ग्राम सोना भी था. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे गोलू कुमार ने बताया कि दुकान में पापा जी थे चार लोग आये और शटर गिराकर मारपीट की और लूट की घटना को अंजाम दिया.
.
Tags: Bihar News, Crime News, Loot, Vaishali news
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 16:57 IST








