![]()
अमित सिंह/प्रयागराज. कल्पना करिये, आप कहीं जा रहे हों और अचानक से कोई सुगंध या खुशबू आपको उस जगह रुकने के लिए मजबूर कर दे. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित फूलों वाली गली का कुछ ऐसा ही दिव्य और भव्य प्रभाव है. पुराने पुल के नीचे और नैनी महेवा की तरफ जाने वाले रोड पर यह सुंदर और आकर्षक नजारा देखने को मिलेगा. यहां सुबह और शाम विभिन्न प्रकार और रंग-बिरंगे फूलों का व्यापार होता है. भले ही यहां फूलों का कारोबार एक निश्चित अवधि तक होता है, लेकिन यहां का माहौल 24 घंटे सुगंधित बना रहता है.
फूलों के व्यापारी नीरज कुमार ने बताया कि वैसे तो यहां शादियों और अन्य उत्सव के लिए सभी प्रकार के फूल मिल जाते हैं, लेकिन गुलाब और गेंदा की विशेष डिमांड होती है. भोर (तड़के) से लगभग 50 से अधिक व्यापारी यहां अपनी अस्थाई दुकान सजा लेते हैं. इसके अलावा, 20 से अधिक दुकानें यहां हमेशा खुली रहती हैं.
फूलों के व्यापार में जुड़े हैं 100 किसान
वहीं, यहां स्थायी दुकान चलाने वाली सीमा कुमारी ने बताया कि आस-पास के इलाके में 100 से अधिक ऐसे किसान हैं जो फूलों की खेती करते हैं. इस खास इलाके में विभिन्न प्रकार के फूलों की बिक्री होने के कारण यहां का वातावरण हमेशा सुगंधित रहता है. लोगों को फूलों की खुशबू पसंद आती है. सड़क से आने-जाने वाले राहगीर कुछ मिनट के लिए यहां ठहरना पसंद करते हैं.








