
रिपोर्ट- धर्मबीर शर्मा
गुरुग्राम. विदेशी नागरिकों से रिफंड के नाम पर सैकड़ों डॉलर वसूलने वाले एक कॉल सेंटर का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. गुरुग्राम के सेक्टर 67 अंसल एसेंसिया में पिछले 1 महीने से इस अवैध कॉल सेंटर को चलाया जा रहा था. इस फर्जी कॉल सेंटर के मार्फत विदेशी मूल के लोगों से सर्विस सपोर्ट के नाम पर अवैध वसूली की जाती थी. ये वसूली 200 से 400 डॉलर तक होती थी.
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस ने बताया कि पहले आरोपी किसी बड़ी कंपनी के नाम से विदेशी नागरिकों को ई -मेल करते थे और साथ ही अपना टोल फ्री नंबर उपलब्ध करवाते थे और जब कोई कॉल आता था तो उससे रिफंड के नाम पर 200 से 500 डॉलर वसूलते थे. गुरुग्राम पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर यहां छापा डाला और मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से 5 लैपटॉप और 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पकड़े गए आरोपियों का मुख्य सरगना मोहम्मद जफर है. वहीं बाकि आरोपियों की पहचान अभिषेक मिश्रा, सुमित, नूर हुसैन, शेख इब्राहिम, अभिषेक गुप्ता, मोहम्मद आदिल के रूप में हुई है है.
बहरहाल ये कोई पहली बार नहीं है जब गुरुग्राम पुलिस ने इस तरह से फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया हो. इससे पहले भी गुरुग्राम पुलिस ऐसे दर्जनों फर्जी कॉलसेंटर्स का भंडाफोड़ कर चुकी है जो भारत में रहकर विदेशी लोगों को चूना लगाने का काम किया करते था, लेकिन लगातार हो रही पुलिस कार्यवाई के बावजूद लोग निडर होकर धड़ल्ले से साइबर सिटी गुरुग्राम में इस तरह फर्जी कॉल सेंटर्स चला रहे हैं और ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं.
.
Tags: Cyber Fraud, Fraud case, Gurugram crime news, Gurugram news, Gurugram Police
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 07:14 IST








