
छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बागेश्वर धाम में अब श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग के लिए पैसे देने पड़ेंगे. बागेश्वर धाम में अब आनेवाले श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग के लिए पार्किंग रसीद कटवानी पड़ेगी. आपको बता दें छतरपुर जिले के राजनगर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत गढ़ा में वाहन पार्किंग के लिए ओपन बोली लगाई गई, जिसमें पार्किंग का ठेका 8 लाख 4 हजार रुपये में राघवेंद्र सिंह घोष ने लिया है. यह ठेका शासन के नियमानुसार संचालित होगा.
पंचायत सचिव अरुण शुक्ला ने बताया कि पंचायती राज अधिनियम के तहत सूचना निकालकर ठेका प्रक्रिया अपनाई गई और इसमें ओपन बोली लगाकर सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले राघवेंद्र सिंह घोष ने 8 लाख 4 हजार रुपए में बागेश्वर धाम की पार्किंग का ठेका अपने नाम किया. वहीं वाहन पार्किंग के ठेके में 25% राशि मौके पर ही ग्राम पंचायत में जमा कराई गई.
इस पार्किंग के ठेके में टू व्हीलर वाहन के लिए शुल्क नहीं देना पड़ेगा, जबकि थ्री व्हीलर और फोर व्हीलर वाहनों के लिए यहां पर शुल्क निर्धारित किया गया है. इसके साथ ही साथ वाहन ट्रक और बस पर भी यहां पर शुल्क निर्धारित किया गया है.
थ्री व्हीलर और फोर व्हीलर वाहनों के लिए 20 रुपए निर्धारित किया गया है. जबकि ट्रक और बस जैसे बड़े वाहनों के लिए 80 रुपए. ऐसे में अब बागेश्वर धाम आनेवाले श्रद्धालुओं को अपने वाहनों की पार्किंग के लिए शुल्क देना पड़ेगा. इसके पहले भी यहां पर वाहन पार्किंग के लिए ठेका दिया गया था.
.
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 12:44 IST









