
रिपोर्ट: सुनील रजक
शिवपुरी: खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सर्जरी हेतु स्वीकृति पत्र बांटे. इससे जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 10 मासूम बच्चों की सर्जरी अब निशुल्क हो सकेगी. खेल मंत्री द्वारा इन मासूम बच्चों की सर्जरी कराने हेतु मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना अंतर्गत 12 लाख रुपए के स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया है. उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत हृदय रोगी बच्चों के उपचार हेतु मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना को चिन्हांकित किया गया था, जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा भारतीय रेडक्रास सोसायटी शिवपुरी के सहयोग से मुंबई के सुप्रसिद्ध एसआरसीसी चिल्ड्रन हॉस्पिटल तथा भोपाल के अनंत हार्ट हास्पिटल को आमंत्रित कर स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया गया.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन जैन ने बताया कि कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित हदय रोग निदान शिविरों में कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए. इन आवेदनों में 38 बच्चों को हृदय रोग के उपचार के स्वीकृति मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना अंतर्गत प्रदान की गई थी. इन रोगियों में से 05 हृदय रोगी मुम्बई जाकर निशुल्क हृदय रोग का उपचार करा चुके हैं.
आज मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतिम दिवस पर 10 बच्चों को 12 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के हाथों स्वीकृति पत्रों का वितरण हुआ. सभी बच्चे तत्काल सर्जरी कराने हेतु बस माध्यम से भोपाल रवाना हो गए. इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पवन जैन, मीडिया अधिकारी अखिलेश शर्मा, बालेन्दु रघुवंशी उपस्थित रहे.
.
Tags: Aiims delhi, Artificial Heart, CM Shivraj Singh Chauhan, Heart Disease, MP Government, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 07:54 IST









