
अभिनव कुमार/दरभंगा. जिले के 27000 किसानों को पीएम किसान निधि सम्मान योजना का लाभ खतरे में है. क्यूंकि जिला के 27 हजार किसानों के बैंक खाता का ई-केवाईसी नहीं हुआ है. जिसके कारण 01 जून से दो-दो हजार रुपये का लाभ जो तीन बार मिलता है, उससे वे वंचित रह सकते हैं.
जिला कृषि पदाधिकारी विपिन बिहारी सिन्हा ने बताया कि जिले में 2.05 लाख किसानों को वर्तमान में इस योजना का लाभ मिल रहा है. इस योजना के लाभ के लिए बैंक खाता का ई-केवाईसी के साथ एनपीसीआई से लिंक करना आवश्यक हो गया है.
राशि किस खाते में जाएगी यह है कंफूजन
DAO ने कहा कि ऐसे अनेक किसान हैं जिनके पास कई बैंक खाते हैं और सभी आधार से लिंक हैं. ऐसे में राशि किस खाते में जाएगी यह सुनिश्चित करने के लिए किसी एक बैंक खाते को एनपीसीआई से लिंक कराना होगा. यानी आधार सीडिंग कराना होगा.
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त एक एप विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से कृषि विभाग द्वारा वे किसान अपने खाते का ई-केवाईसी करा लें,तो आधार सीडिंग अपने आप हो जाता है. उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त एक उपाय यह भी है कि वह अपना नया खाता नजदीकी डाकघर (इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक) में खोलवा लें. उन्होंने कहा कि वैसे किसानों की सूची कृषि समन्वयक के पास उपलब्ध है,जिनके बैंक खाता का आधार सीडिंग नहीं है. वैसे किसानों की सुविधा के लिए 01 जून से प्रत्येक पंचायत में कृषि विभाग द्वारा शिविर का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें डाक घर के कर्मी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार उपस्थित रहेंगे और शिविर में ही नया खाता खुलवाया जा सकता है.
शिविर में लाना होगा यह
शिविर में उन्हें अपना निबंधन संख्या, अपना आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर के साथ मोबाइल फोन भी लाना होगा, क्योंकि ओटीपी उसी मोबाइल नम्बर पर जाएगा, जो शिविर में उन्हें बताना होगा. जिलाधिकारी ने वैसे सभी किसानों से अपील की है कि आयोजित शिविर में अपना खाता खुलवा लें या अपने पुराने बैंक खाता का ई-केवाईसी करवाते हुए एनपीसीआई से लिंक करवा लें, ताकि 01 जून 2023 से मिलने वाली राशि उन्हें प्राप्त हो सके.
.
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 21:15 IST








