
नई दिल्ली. आईपीएल-2023 के बाद अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल (World Test Chanpionship Final)का ‘बुखार’ फैंस को अपनी गिरफ्त में लेने के लिए तैयार है. WTC फाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) से लंदन में होगा. आईसीसी की इस चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया पहली बार पहुंचा है जबकि टीम इंडिया वर्ष 2021 में भी फाइनल में पहुंच चुकी है जहां उसे केन विलियमसन की न्यूजीलैंड टीम के हाथों हार का सामना करना पड़ा. टीम इंडिया के प्लेयर्स के लिए बड़ी चुनौती IPL मोड से बाहर निकलकर अपने खेल को टेस्ट शैली में ढालने की होगी, जिसके लिए वक्त काफी कम है. वैसे, खिलाड़ियों ने इंग्लैंड पहुंचकर तैयारी शुरू कर दी है.
ऑस्ट्रेलिया को कठिन प्रतिद्वंद्वी माना जाता है लेकिन टीम इंडिया ने हाल में उसे टेस्ट मैचों में पराजित किया है. भारत ने इसी साल की शुरुआत में अपने मैदान पर हुई टेस्ट सीरीज में उसे शिकस्त दी है लेकिन WTC फाइनल, ओवल मैदान में होने के कारण परिस्थितियां इस बार भारतीय मैदानों से काफी अलग होंगी जिसका फायदा कंगारू टीम उठा सकती है.
दोनों ही टीमें कई स्टार प्लेयर्स से सज्जित हैं. टीम इंडिया के लिहाज से बात करें तो ऑस्ट्रेलिया का एक बैटर लगातार परेशानी का सबब बनता रहा है. यह बल्लेबाज हैं-स्टीव स्मिथ (Steve Smith). WTC के फाइनल में उन्हें जल्द आउट करने के लिए रोहित शर्मा (Rohit sharma)ब्रिगेड का खास रणनीति बनानी होगी.
विराट जैसे आकर्षक नहीं लेकिन असरदार बैटर हैं स्मिथ
बैटिंग स्टाइल के लिहाज से स्मिथ भले ही विराट कोहली की तरह आकर्षक नहीं हैं लेकिन अपने रनों से बड़ा असर पैदा करते हैं. विकेट पर सेट होने के बाद स्मिथ लंबी पारी खेलते हैं. भारत के खिलाफ टेस्ट में उनका औसत, टेस्ट क्रिकेट में उनके ओवरऑल औसत से भी बेहतर है. स्मिथ ने अब तक भारत के खिलाफ 18 टेस्ट खेले हैं और 65.06 के बेहतरी औसत से 1887 रन बनाए हैं. भारत के खिलाफ अब तक 8 शतक वे जमा चुके हैं और 192 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है. स्मिथ के अलावा ओपनर उस्मान ख्वाजा और मार्नस लुबेशन भी अपनी बैटिंग से भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा ले सकते हैं.
टेस्ट मैचों में लगा चुके हैं 30 शतक
स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन, विराट कोहली, जो रूट और बाबर आजम की गिनती मौजूदा समय में टेस्ट क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बैटर्स में होती है. स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में अब तक 96 मैचों में 59.80 के औसत से 8792 रन बनाए हैं जिसमें 30 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान 239 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है..स्पिनर के रूप में टेस्ट क्रिकेट में 19 विकेट भी उनके नाम पर दर्ज हैं.
.
Tags: IND vs AUS, India vs Australia, Steve Smith, Team india, WTC Final
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 15:32 IST








