
नई दिल्ली. महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की जीत के साथ ही आईपीएल-2023 (IPL-2023) का समापन हो गया है. बैटरों के वर्चस्व वाले इस खेल में कई गेंदबाजों ने भी अपना जलवा दिखाया. गेंद और बल्ले की इस ‘जंग’ में इस बार अच्छी रफ्तार से गेंद फेंकने वाले ज्यादातर बॉलर्स के हाल बुरे रहे. फ्रेंचाइजी ने इन्हें इस उम्मीद से चुना था कि अपनी रफ्तार से ये बैटरों में खौफ पैदा करेंगे और विकेटों की झड़ी लगाएंगे लेकिन ये दांव उल्टा पड़ा.
‘रफ्तार के ये सौदागर’ जब-तब दिशा भटकने के कारण महंगे साबित हुए. विविधिता के अभाव में बैटरों के लिए इनकी गेंदबाजी का अनुमान लगाना आसान रहा. नतीजा यह हुआ कि जितनी तेजी से गेंद फेंकी गई, उनकी ही तेजी से यह बाउंड्री के बाहर जाती नजर आई.
इन बॉलर्स में सनराइजर्स के उमरान मलिक, गुजरात टाइटंस के अल्जारी जोसेफ, लखनऊ सुपर जायंट्स के आवेश खान और मुंबई इंडियंस के जोफ्रा आर्चर प्रमुख रहे. ये सभी टूर्नामेंट में विकेट के लिए संघर्ष करते रहे. महंगे साबित हुए सो अलग. फिटनेस की समस्या के कारण आर्चर को तो कुछ मैच के बाद ही वापस लौटना पड़ा.
रफ्तार से हलचल मचाने वाले इन गेंदबाजों के प्रदर्शन पर डालते हैं नजर..
उमरान मलिक (Umran Malik): आईपीएल-2022 में 156.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर सनसनी मचाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के उमरान मलिक के प्रदर्शन पर आईपीएल के इस सीजन में ‘ग्रहण लगा रहा. मौजूदा समय में भारत के सबसे तेज गेंदबाज माने जाने वाले उमरा ने पिछले सीजन में अपनी गति से बैटरों को भयभीत करते हुए 22 विकेट लिए थे. आईपीएल-2023 में बुरी तरह नाकाम रहे. आठ मैचों में 43.40 के औसत से केवल 5 विकेट ले सके. इकोनॉमी भी 10 के ऊपर (10.85) रहा. इस नाकामी के कारण बाद के मैचों में प्लेइंग-XI में स्थान नहीं मिल सका.
अल्जारी जोसेफ (Alzarri Joseph): अच्छी कद काठी के अल्जारी जोसेफ स्मूद एक्शन के कारण गेंदों को काफी गति देने में सफल होते हैं. 145 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले जोसेफ कई बार 150 या इससे अधिक की स्पीड भी हासिल कर लेते हैं. गुजरात टाइटंस का यह गेंदबाज इस सीजन में बुरी तरह नाकाम रहा.सात मैचों में 32.14 के औसत से 7 विकेट ही ले पाए. इकोनॉमी भी 9 के ऊपर (9.37) रही.
आवेश खान (Avesh Khan): टीम इंडिया के सदस्य रहे आवेश खान लगातार 140-145 किमी की रफ्तार से गेदें फेंकते हैं.10 करोड़ रुपये कीमत के इस खिलाड़ी ने इस सीजन में बुरी तरह से निराश किया. 9 मैचों में 35.36 के औसत और 9.75 की इकोनॉमी से केवल 8 विकेट ले पाए. गेंद से इस खराब प्रदर्शन के कारण आखिर के मैच में LSG की प्लेइंग इलेवन से भी बाहर होना पड़ा.
जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer): वेस्टइंडीज में जन्मे लेकिन इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलने वाले आर्चर एशेज में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को बाउंसर से घायल करके चर्चा में आए थे.150 किमी प्रति घंटे के आसपास की रफ्तार से गेंद फेकने में सक्षम हैं.आर्चर IPL में सबसे तेज गेंद डालने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं.यहां वे153.62 kmph की रफ्तार से गेंद फेंक चुके हैं. पूरी तरह से फिट नहीं थे. आईपीएल-2023 में 5 मैचों में 95.00 के औसत से दो विेट ही ले पाए.इकोनॉमी रेट 9.5. का रहा.
तेज गेंदबाजों की इस जमात में अपवाद के तौर पर लखनऊ सुपर जायंट्स के मार्क वुड (Mark Wood) ही ऐसे रहे जो सफल रहे. हालांकि उन्होंने केवल चार मैच खेले और निजी कारणों से इंग्लैंड वापस लौट गए. वुड की औसत रफ्तार ही 90 मील प्रति घंटा के आसपास है. ओवर में लगातार 150 किमी/घंटे के आसपास की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले वुड ने चार मैचों में 11.81 के औसत और 8.12 की इकोनॉमी से 11 विकेट लिए.
.
Tags: Alzarri Joseph, Avesh khan, IPL 2023, Jofra Archer, Umran Malik
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 14:43 IST








