
हाइलाइट्स
कार ड्राइविंग के दौरान क्लच का यूज जानना जरूरी है.
इसके सही इस्तेमाल से आप आसानी से गाड़ी चला सकेंगे.
साथ ही गियर कैसे बदलना है ये भी सही से पता होना चाहिए.
नई दिल्ली. कार ड्राइविंग में खुद को मास्टर बनाना चाहते हैं तो कुछ बारीकियों को समझना और जानना जरूरी है. कार चलाना तो ड्राइविंग स्कूल या किसी इंस्ट्रक्टर की मदद से हम आसानी से सीख लेते हैं लेकिन कुछ बातों को हम नजरअंदाज कर देते हैं. यही छोटी बातें कई बार ड्राइविंग के दौरान इतने काम की साबित होती हैं कि आप भरे ट्रैफिक से आराम से निकल सकते हैं. लेकिन इनका ध्यान न रखने पर हम ट्रैफिक में अपनी गाड़ी को अचानक बंद कर देते हैं या फिर उसमें झटके लगने लगते हैं.
खासकर ये परेशानी तब और बड़ी हो जाती है जब आप पहले गियर में कार को चलाना शुरू करते हैं और कार झटका देकर बंद हो जाती है. ट्रैफिक में ये स्थिति बेहद खराब हो जाती है. इस समय जिस बारीकी पर हमें ध्यान देने की जरूरत है वो क्लच कैसे रीलीज करना है. आइये जानते हैं किस गियर में कैसे क्लच छोड़ें और गियर बदलने के दौरान कैसे क्लच का यूज करें.
कार को कैसे करें शुरू
कार को पहले गियर में उठाने यानि खड़ी गाड़ी को चलाने के लिए आप सबसे पहले क्लच दबाते हैं और उसके बाद रेस देते हुए क्लच को छोड़ते हैं. ये तरीका कुछ हद तक सही है. लेकिन पेट्रोल और डीजल कार के हिसाब से ये अलग अलग हो सकता है. यदि आप डीजल की कार चलाते हैं तो पहला गियर डालने के बाद आप धीरे धीरे क्लच को छोड़ें और पूरा क्लच रीलीज हो जाने के बाद ही रेस दें. ऐसे में आपकी कार कभी झटका नहीं खाएगी और न बंद होगी. वहीं पेट्रोल कार चलाने के दौरान आप क्लच को धीरे-धीरे छोड़ने के साथ ही हल्के पांव से एक्सिलरेट भी करें. पेट्रोल की ज्यादातर कारों में टॉर्क कम होने के चलते वे बंद हो जाती हैं, ऐसे में हल्की रेस देने से आपकी कार आसानी से उठेगी.
कैसे बदलें गियर
गियर बदलने के दौरान हमेशा ध्यान रखें कि आप क्लच दबा कर गियर रिलीज कर उसे न्यूट्रल में लाएं और उसके बाद फिर क्लच दबा कर अगला गियर डालें. कभी भी एक गियर से दूसरे गियर में सीधे कार को एंगेज न करें. इससे गियर चक्के खराब होंगे और इसका सीधा असर आपकी कार की क्लच प्लेट पर आएगा.
दांए पैर का ज्यादा इस्तेमाल करें
कार में क्लच, ब्रेक और एक्सिलरेटर को दबाने के लिए किस पैर का इस्तेमाल किया जाना चाहिए वो भी जानना जरूरी है. मैनुअल कारों में बाएं पैर का इस्तेमाल केवल क्लच दबाने के लिए करें. ब्रेक और एक्सिलरेटर के लिए दाएं पैर का ही इस्तेमाल करें. बाएं पैर से कभी भी ब्रेक न दबाएं. वहीं ऑटोमैटिक कारों में भी यही होता है. लेकिन क्लच न होने की स्थिति में इन कारों में बाएं पैर का कोई इस्तेमाल नहीं होता है. दाएं पैर से ही ब्रेक और एक्सिलरेटर को दबाया जाता है.
.
Tags: Auto News, Car Bike News
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 13:52 IST









