
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ: अपने आशियाने का सपना देख रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. दरअसल, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि कानपुर रोड स्थित योजना के श्रवण अपार्टमेंट, ऐशबाग हाइट और समाजवादी लोहिया एन्क्लेव के 912 खाली फ्लैटों को एकमुश्त बिक्री के लिए बल्कसेल अनुभाग को पूर्व में हस्तगत किया गया था.
इन योजनाओं में फ्लैट खरीदने के इच्छुक लोग बल्कसेल की बाध्यता के कारण यहां संपत्ति नहीं खरीद पा रहे हैं. इसे ध्यान में रखते हुए इन 912 फ्लैटों को अपार्टमेंट अनुभाग के सुपुर्द करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. अब यह फ्लैट प्राधिकरण की ‘पहले आओ-पहले पाओ योजना’ के अंतर्गत बिक्री के लिए ऑनलाइन उपलब्ध होंगे.
सपनों का आशियाना लेने की कर लें तैयारी
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपने आशियाना का सपना हर कोई देखता है. लेकिन राजधानी होने के नाते यहां पर फ्लैट खरीदना बेहद महंगा है. ऐसे में लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से कानपुर रोड स्थित योजना के श्रवण अपार्टमेंट, ऐशबाग हाइट और समाजवादी लोहिया एन्क्लेव के 912 खाली फ्लैटों को ‘पहले आओ पहले पाओ’ की तर्ज पर देने की पहल बहुत अच्छी है. इससे लोगों को फायदा होगा और उन्हें फ्लैट खरीदने में आसानी होगी. ज्यादा जानकारी के लिए लोग लखनऊ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट या फिर ऑनलाइन पोर्टल पर जा सकते हैं.








