
नरेश पारीक/ चूरू.वन विभाग ने जिले के वन क्षेत्र को हरा भरा बनाने के उद्देश्य से इस बार करीब 21 लाख पौधे तैयार किए हैं. जिले में वनक्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयास केसाथ ही वन विभाग स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं व अपने स्तर पर जहां हरियाली कम है, वहां पर पौधे लगाएगा. साथ ही जिले में फलदार और छायादार पौधों का रोपण भी किया जाएगा.
इस बार वन विभाग ने पिछले साल की अपेक्षा अधिक पौधे लगाने का निर्णय लिया है. जिसकी मुख्य वजह प्रदेश में सबसे कम वन भू भाग है चूरू में जिसका सीधा असर यहां के मौसम पर पड़ता है. डीएफओ सविता दहिया ने बताया कि वन विभाग की जिले की विभिन्न नर्सरियों में करीब 21 लाख पौध तैयार है जिनका 1 जून से वितरण किया जाएगा और कोई भी इन नर्सरियों से निर्धारित दर पर पौधे ले जा सकता है और पौध रोपण कर सकता है.
इन नर्सरियों में मिलेंगे पौधे
जिले में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में संचालित साण्डवा, गोपालपुरा, भालेरी, मेघसर, तारानगर, सरदारशहर, बन्धनाऊ, साडासर, पी.एम.सी. चूरू, नेचर पार्क चूरू, गाजसर, राजलदेसर, रतनगढ़, राजगढ़, बीड़ लीलकी, चांदगोठी पौधशालाओं में 1 जून से 21 लाख पौधों का वितरण किया जायेगा. डीएफओ सविता दहिया ने बताया कि नर्सरियों का समय सवेरे 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा. वन विभाग द्वारा 6 और 12 माह के पौधे तैयार किये जा रहे हैं, जिन्हें विभिन्न विभागों, कंपनियों, स्वयंसेवी संस्थाओं को 9 रुपए और 15 रुपये प्रति पौधा की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा. इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा 8.50 लाख पौधे व्यक्तिगत लाभार्थियों को निर्धारित शुल्क 2 रुपये (1 से 10 पौधे तक), 5 रुपये (11 से 50 पौधे तक), 10 रुपये (51 से 200 पौधे तक) प्रति पौधा की दर से वितरित किया जाएगा.उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत लाभार्थियों को जन आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 13:05 IST








