
धर्मेंद्र शर्मा/ करौली. करौली सदर थाना क्षेत्र के गुनेसरी गांव में खेत में ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी डाल रहे एक युवक की हाई टेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई. जबकि दो युवक झुलस गए. मृतक का शव करौली हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया. जबकि घायलों का उपचार करौली के एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही.
करौली सदर थाने के एएसआई हरफूल ने बताया कि गुनेसरी गांव निवासी सियानंद चतुर्वेदी पुत्र सूरज चतुर्वेदी ने रिपोर्ट दी है. रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र जितेंद्र पुत्र सियानंद उम्र 20 साल दोपहर 2 बजे ट्रैक्टर ट्रॉली से खेत में मिट्टी डाल रहा था. खेत में तीन-चार दिन पूर्व से टूटी हाईटेंशन विद्युत लाइन पड़ी हुई थी. टूटी लाइन की युवकों को जानकारी नहीं थी. जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली विद्युत लाइन के संपर्क में आई, उसमें करंट दौड़ गया. ट्रैक्टर में करंट आने से चालक जितेंद्र भी चपेट में आ गया. पास ही दूसरी ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी डाल रहे हैं. सुदामा पुत्र प्रह्लाद उम्र 20 साल और लव कुश पुत्र जीतमल उम्र 20 साल निवासी गुनेसरी भाग कर आए तथा जितेंद्र को बचाने का प्रयास किया. बचाने के प्रयास में सुदामा और लव कुश भी झुलस गए.
युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को करौली के एक निजी हॉस्पिटल पहुंचाया. जहां से जितेंद्र को करौली के जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. करौली हॉस्पिटल में डॉक्टर ने जांच के बाद जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया. मृतक का पोस्टमार्टम कराया है. जबकि सुदामा और लव कुश का निजी हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है. परिजन और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाएं हैं साथ ही मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग की है.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 13:05 IST








