
सच्चिदानन्द / पटना. बिहार में शिक्षक बनने का सपना देखने वालों का इंतजार खत्म हो गया. BPSC ने शिक्षक भर्ती के लिए नोटीफिकेशन जारी कर दिया है. शिक्षा विभाग ने विद्यालय अध्यापक के कुल 170461 पदों पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं. इसके अनुसार नियोजित और शिक्षक अभ्यर्थी एक साथ आवेदन कर सकेंगे. दोनों के लिए एक ही वेकैंसी की बात कही गई है. इस विज्ञापन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने की शुरूआत 15 जून से हो रही है और अंतिम तिथि 12 जुलाई रखी गई है. सभी 170461 पदों में से प्राथमिक टीचर यानी की कक्षा 01 से 05 तक कुल 79943 रिक्त पदों पर भर्ती होगी. इसके साथ ही माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों के लिए कुल 32916 पद, उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों के लिए कुल 57602 रिक्त पदों के लिए भर्ती होगी.
शिक्षकों को कितनी मिलेगी सैलरी
नई शिक्षक नियमावली के अनुसार पहले ही शिक्षकों का वेतनमान विभाग के द्वारा जारी कर दिया गया है. प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों का मूल वेतन 25000 रुपए प्रति महीना, माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों का मूल वेतन 31000 रुपए प्रति महीना है, तो वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों का वेतनमान 32000 रुपए प्रति महीना होगा. इसके अलावा सभी को अनुमान्य भत्ते दिए जाएंगे.
आपके शहर से (पटना)
अवदेन करने की आयु सीमा
सभी पदों पर नियुक्ति के लिए न्यूनतम और अधिकतम उम्र सीमा कट ऑफ तिथि 01.08.2023 होगी. प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के लिए 01 अगस्त 2023 को अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापक के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष है. अधिकतम आयु अनारक्षित ( पुरुष ) की 37 वर्ष, पिछड़ा वर्ग, अत्यन्त पिछड़ा वर्ग, पिछड़े वर्ग की महिला और अनारक्षित महिला की 40 वर्ष और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (पुरूष एवं महिला ) के लिए 42 वर्ष है.
लिखित परीक्षा के द्वारा होगा चयन
सभी शिक्षकों के लिए ली जाने वाली लिखित परीक्षा वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय (MCQ Objective) आधारित होगी. हर गलत उत्तर के लिए निगेटिव मार्किंग की जाएगी. अभ्यर्थी किसी एक ही विषय का चयन कर सकते हैं, जिस विषय में उन्होंने शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की है. यदि अभ्यर्थी एक और एक से अधिक विषय में शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण हुए हों, उस स्थिति में भी अभ्यर्थी अपनी इच्छा से एक ही विषय का चयन कर सकते हैं. इसमें साक्षात्कार नहीं लिया जायेगा. लिखित परीक्षा के रिजल्ट के आधार पर आयोग सफल अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट तैयार करेगा. लिखित परीक्षा के कुल प्राप्तांक समान होने की स्थिति में पहले उम्र और उम्र में समानता होने पर देवनागरी लिपि में वर्णमाला के अनुसार नाम वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जायेगी.
आवेदन के लिए देना होगा इतना शुल्क
सामान्य अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपये, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 200 रुपये, सभी आरक्षित और अनारक्षित वर्ग महिला उम्मीदवारों के लिए 200 रुपये, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 रूपये और अन्य सभी उम्मीदवारों के लिए 750 रुपये आवेदन शुल्क के तौर पर देना होगा. अभ्यर्थी को परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त विभिन्न बैंकों द्वारा निर्धारित चार्ज भी देना होगा. ऑनलाइन भुगतान के क्रम में बैंक द्वारा स्वतः बैंक चार्ज के रूप में ले लिया जाएगा.
.
Tags: Bihar Government, Bihar News, Bihar Teacher, Educati0n, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 10:34 IST









